ईडी ने ‘कोयला चोरी घोटाला’ मामले में तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी को किया तलब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Aug 2022 06:56 PM
ईडी ने ‘कोयला चोरी घोटाला’ मामले में तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी को किया तलब
ऑडियो सुनें

कोलकाता. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को ‘कोयला चोरी घोटाले’ की जांच के सिलसिले में पूछताछ के लिए मंगलवार को समन जारी किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को शुक्रवार की सुबह उसके कोलकाता स्थित कार्यालय में पेश होने को कहा है.

अधिकारी ने बताया कि ईडी ने अभिषेक बनर्जी की साली मेनोका गंभीर को भी इसी मामले में पांच सितंबर को पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है. उन्होंने कहा कि गंभीर को नयी दिल्ली स्थित कार्यालय में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए कहा गया है.

ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ हमने अभिषेक बनर्जी को 2 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे ईडी कार्यालय में अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा है. कोयला चोरी घोटाले के सिलसिले में हमारे अधिकारी नयी दिल्ली से उनसे पूछताछ करने आएंगे.’’ उन्होंने कहा कि टीएमसी सांसद को रविवार को नोटिस भेजा गया था.

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें लंदन में गंभीर के बैंक खाते के बारे में और जानकारी हासिल करनी है, जिसके जरिए कई लेन-देन किए गए.’’ तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सोमवार को एक कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आशंका जतायी थी कि केंद्रीय एजेंसियां उनके भतीजे और अन्य वरिष्ठ नेताओं को नोटिस भेज सकती हैं.

कार्यक्रम में शामिल रहे डायमंड हार्बर के सांसद अभिषेक ने भी कहा था, “मेरी बात याद रखिएगा, तीन-चार दिन में कुछ होने वाला है.” यह जांच ‘करोड़ों रुपये के कोयला चोरी घोटाले’ के संबंध में सीबीआई द्वारा 2020 में दर्ज एक प्राथमिकी से जुड़ी है. सीबीआई ने इस मामले में अभिषेक की पत्नी रुजिरा बनर्जी से दो बार पूछताछ की थी. एजेंसी ने पिछले साल गंभीर, उनके पति और ससुर से भी जांच के सिलसिले में पूछताछ की थी. आरोप है कि पश्चिम बंगाल में आसनसोल के पास कुनुस्तोरिया और कजोरा इलाकों में ‘ईस्टर्न कोलफील्ड्स’ की खदानों में कोयले का अवैध खनन किया गया था. सीबीआई के अनुसार, जांच में 1,300 करोड़ रुपये के वित्तीय लेन-देन का संकेत मिला है, जिसमें से ज्यादातर राशि कई प्रभावशाली लोगों के पास गई.

उच्च न्यायालय ने ईडी को मेनका गंभीर से कोलकाता में पूछताछ करने का दिया निर्देश

कलकत्ता उच्च न्यायालय ने मंगलवार को कथित कोयला घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को निर्देश दिया कि वह कोलकाता स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी की साली मेनका गंभीर से पूछताछ करे. अदालत ने ईडी से यह भी साफ कर दिया कि वह सुनवाई की अगली तारीख तक उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं करे. न्यायमूर्ति मौसमी भट्टाचार्य ने केंद्रीय जांच एजेंसी को निर्देश दिया कि वह अपने कोलकाता स्थित कार्यालय में सितंबर में या जब भी तलब किया जाता है, तब गंभीर से पूछताछ करे.

अदालत ने निर्देश दिया कि इस मामले पर पांच सप्ताह बाद फिर से सुनवाई होगी. गंभीर ने इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय के उस समन को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें दिल्ली स्थित ईडी के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया था. गंभीर ने याचिका दायर कर एजेंसी को निर्देश देने की मांग की थी कि वह उन्हें कोलकाता में अपने समक्ष पेश होने की अनुमति दे. गंभीर का दावा है कि वह कोलकाता में रहती हैं.

अदालत ने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने पहले तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रुजिरा को इसी मामले के सिलसिले में कोलकाता में एजेंसी के अधिकारियों के सामने पेश होने की इजाजत दी थी. प्रवर्तन निदेशालय पश्चिम बंगाल के कुनुस्तोरिया और आसनसोल और उसके आसपास के कजोरा इलाकों में ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड की खदानों से संबंधित कोयला खनन और चोरी से जुड़े धन शोधन मामले की जांच कर रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu