ठाणे. नवी मुंबई पुलिस ने तीन महिलाओं समेत आठ बांग्लादेशी नागरिकों को कथित तौर पर अवैध रूप से रहने को लेकर गिरफ्तार किया है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर मानव तस्करी विरोधी प्रकोष्ठ के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार दोपहर को उल्वे में एक आवासीय क्षेत्र में छापा मारा तथा इन बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा.
उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं समेत ये आठ आरोपी पिछले आठ महीने से इस क्षेत्र में रह रहे थे और उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे. अधिकारी ने बताया कि भादंसं, पासपोर्ट (देश में प्रवेश) नियमावली, 1950 तथा विदेशी अधिनियम, 1946 की संबंधित धाराओं के तहत उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.