जयपुर. राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए जनसभाओं एवं रैलियों का दौर बृहस्पतिवार को थम गया. उम्मीदवार अब घर-घर जाकर ही मतदाताओं से अपील करेंगे. राज्य में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ. कांग्रेस एवं मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी में माना जा रहा है. कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार अभियान को मुख्य रूप से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरकार के कामों, उसकी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित किया. जहां कांग्रेस ने घोषणा पत्र में सात महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है वहीं भाजपा राज्य में अपराध, तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर हमलावर रही है.
कांग्रेस की ओर से पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और अन्य नेताओं ने कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया. भाजपा के प्रचार अभियान की बागडोर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संभाली. उन्होंने बीते कई दिनों में अनेक जगह जनसभाएं कीं. उन्होंने बीकानेर और जयपुर में रोड शो भी किया.
इसी तरह भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी एवं राजनाथ सिंह ने भी अनेक जगह जनसभाएं कीं.
राज्य में 200 विधानसभा सीट हैं लेकिन करणपुर सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का निधन हो गया है जिसके कारण 199 सीटों पर मतदान होगा. निर्वाचन आयोग के एक बयान के अनुसार राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवम्बर को मतदान होगा जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. विधानसभा क्षेत्रों में कुल 51,507 मतदान केन्द्र और 5,26,90,146 मतदाता हैं. राज्य में 18-30 आयु वर्ग के 1,70,99,334 युवा मतदाता हैं जिनमें 18-19 आयु वर्ग के 22,61,008 नव मतदाता शामिल हैं.
राज्य में कुल 36,101 स्थानों पर मतदान केन्द्र बनाए गए हैं. कुल 10,501 मतदान केन्द्र शहरी क्षेत्र में और 41,006 ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए हैं. कुल 26,393 मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग करवाई जाएगी. जिला स्तरीय ‘कंट्रोल रूम’ से इन मतदान केंद्रों पर निगरानी की जाएगी. राज्य भर में 65,277 ‘बैलट यूनिट’, 62,372 ‘कंट्रोल यूनिट’ और 67,580 ‘वीवीपैट मशीनें रिजर्व मतदान कार्य में उपयोग लायी जाएंगी.
आयोग ने बताया कि विधानसभा चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण सम्पन्न कराने के लिए 6,287 ‘माइक्रो आब्जर्वर’ और 6247 ‘सेक्टर’ अधिकारी नियुक्त किए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि 2,74,846 मतदान कर्मी मतदान सम्पन्न कराएंगे. उनका कहना था कि 7960 महिला मतदानकर्मी महिला प्रबन्धित मतदान केन्द्रों पर एवं 796 दिव्यांग मतदान कार्मिक दिव्यांग प्रबन्धित मतदान केन्द्रों पर कमान संभालेंगे.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए कुल 1,02,290 सुरक्षार्किमयों की ड्यूटी लगाई गई है. उनके अनुसार कुल 69,114 पुलिस कर्मी, 32,876 राजस्थान होमगार्ड, फोरेस्ट गार्ड एवं आरएसी जवानों का बल तैनात किया गया है एवं सीएपीएफ की 700 कंपनिंयां तैनात की गयी है.
उनका कहना था कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सम्पन्न कराने के लिए मतदान दिवस पर सघन जांच एवं निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 3 फ्लाइंग स्क्वॉड, 3 एसएसटी दल तैनात रहेंगे. उनके अनुसार मतदान के लिए कुल 41,224 बड़े तथा छोटे वाहनों का अधिग्रहण किया गया है.