निर्वाचन आयोग ने ‘भ्रामक’ विज्ञापन के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस को नोटिस दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 09:51 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शिकायत के बाद समाचार पत्रों में कथित तौर पर खबरों के रूप में राजनीतिक विज्ञापन देने के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को बुधवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

आयोग ने डोटासरा को बृहस्पतिवार अपराह्न तीन बजे तक नोटिस का जवाब देने के लिए कहा है. नोटिस में कहा गया है, ”विज्ञापन के इस प्रारूप, सामग्री, भाषा और ‘प्लेसमेंट’ का उपयोग करने से बचें, जो मार्च में आपकी अपनी पार्टी की ओर से की गई शिकायत के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और आदर्श आचार संहिता की भावना का उल्लंघन करता है.” आयोग असम विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस द्वारा भाजपा के खिलाफ दर्ज की गई इसी तरह की शिकायत का जिक्र कर रहा था.

भारतीय जनता पार्टी ने मंगलवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि वह राजस्थान विधानसभा चुनाव में उसके पक्ष में लहर होने के बारे में समाचार या राय के रूप में विज्ञापन दे रही है. भाजपा ने निर्वाचन आयोग से राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.

नोटिस में कहा गया है कि ऐसा प्रतीत होता है कि विज्ञापन को “मतदाताओं को भ्रमित करने की दृष्टि से एक समाचार आइटम की तरह तैयार किया गया है.” निर्वाचन आयोग ने कहा, “यह न केवल भ्रामक है, बल्कि इसका उद्देश्य चुनाव के नतीजे के बारे में मतदाताओं के मन में भ्रम पैदा करना है, ताकि स्थिति को प्रभावित करने का प्रयास किया जा सके.” चुनाव आयोग ने कहा कि शिकायत में उल्लिखित विज्ञापन “राष्ट्रीय पार्टी से अपेक्षित मानकों का पालन नहीं करता.” भाजपा और कांग्रेस छह मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय दलों में शामिल हैं. राजस्थान में सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है. मतगणना तीन दिसंबर को होगी.

निर्वाचन आयोग ने ‘मिस्ड कॉल’ अभियान पर कांग्रेस की राजस्थान इकाई को नोटिस जारी किया

निर्वाचन आयोग ने 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले मतदाताओं को कथित तौर पर प्रलोभन देने के मामले में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख को नोटिस जारी किया. भाजपा ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस ने राज्य में सत्ता बरकरार रखने पर उसकी ‘गारंटी’ का लाभ पाने के लिए लोगों से मोबाइल नंबर पर मिस्ड कॉल करने का कहकर ”भ्रष्ट” आचरण किया.

अपनी शिकायत में भाजपा ने कहा था, ”कॉल करने वाले के लिए एक पंजीकृत नंबर तैयार किया गया था, जिससे यह धारणा बनाई गई कि किसी विशेष उम्मीदवार या पार्टी, विशेष रूप से कांग्रेस पार्टी के लिए वोट करने से केवल कॉल करने वाले को ही लाभ मिलेगा.” आयोग द्वारा बुधवार को कांग्रेस की राजस्थान इकाई को जारी किया गया यह दूसरा नोटिस है. इससे पहले दिन में, निर्वाचन आयोग ने भाजपा की शिकायत के बाद समाचार पत्रों में कथित तौर पर खबरों के रूप में राजनीतिक विज्ञापन देने के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu