स्पेन, पुर्तगाल में बिजली लगभग पूरी तरह बहाल; अंधेरा छाने की वजह पर अब भी रहस्य

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 09:33 PM
स्पेन, पुर्तगाल में बिजली लगभग पूरी तरह बहाल; अंधेरा छाने की वजह पर अब भी रहस्य
ऑडियो सुनें

मैड्रिड. स्पेन और पुर्तगाल में मंगलवार को बिजली लगभग पूरी तरह बहाल कर दी गई. हालांकि यूरोप के सबसे गंभीर ‘ब्लैकआउट’ के कारणों को लेकर कई सवाल बने हुए हैं, जिसके कारण उड़ानें रोक दी गईं, मेट्रो प्रणाली ठप हो गई, मोबाइल संचार बाधित हो गया और इबेरियन प्रायद्वीप में एटीएम नि्क्रिरय रहे.

स्पेन के विद्युत संचालक ‘रेड इले्ट्रिरका’ ने कहा कि सुबह 7 बजे तक बिजली की 99 प्रतिशत से अधिक आपूर्ति बहाल कर दी गई. पुर्तगाल के ग्रिड संचालक ‘आरईएन’ ने मंगलवार सुबह कहा कि कल देर रात से सभी 89 बिजली उपकेंद्र फिर से क्रियाशील हो गए हैं और सभी 64 लाख उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है. मंगलवार सुबह तक जनजीवन सामान्य तरीके से पटरी पर दौड़ने लगा. स्पेन में स्कूल और दफ्तर पुन: खुल गए, राजधानी के मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू हो गया और काफी समय के बाद सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी पुन: शुरू हो गईं. स्पेन के अधिकारियों ने ‘ब्लैकआउट’ के कारणों को लेकर कोई नया स्पष्टीकरण नहीं दिया है.

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने सोमवार रात को राष्ट्र के नाम अपने टेलीविजन संदेश में कहा कि इस दक्षिण यूरोपीय देश के पावर ग्रिड में मात्र पांच सेकंड में 15 गीगावाट बिजली का नुकसान हुआ, जो उसकी राष्ट्रीय मांग के 60 प्रतिशत के बराबर है. सांचेज ने कहा, ”हमारी व्यवस्था कभी भी पूरी तरह धराशायी नहीं हुई.” उन्होंने कहा कि देश में सबकुछ ठप पड़ जाने के इतने घंटे बाद भी अधिकारी अभी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर हुआ क्या था. इबेरियन प्रायद्वीप या यूरोप में बिजली आपूर्ति इस तरह व्यापक रूप से पहले अवरुद्ध नहीं हुई.

पुर्तगाल के राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा केंद्र ने एक बयान में कहा कि इस बात का कोई संकेत नहीं है कि बिजली की यह कटौती साइबर हमले के कारण हुई थी. यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंतोनियो कोस्टा ने भी कहा कि सोमवार शाम तक किसी साइबर हमले का कोई संकेत नहीं है.

यूरोपीय आयोग की कार्यकारी उपाध्यक्ष टेरेसा रिबेरा ने भी ब्रसेल्स में पत्रकारों को यही संकेत दिया और कहा कि बिजली संकट ”हाल के दिनों में यूरोप में दर्ज सबसे गंभीर घटनाओं में से एक” है. रिबेरा यूरोपीय आयोग की स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के संबंध में काम करने वाली इकाई की प्रभारी भी हैं.

बिजली संकट सोमवार दोपहर में शुरू हुआ. मैड्रिड और लिस्बन में कार्यालय बंद हो गए और यातायात बाधित हो गया, वहीं बार्सिलोना में कुछ नागरिकों ने यातायात को नियंत्रित किया. दोनों देशों में ट्रेन सेवाएं बंद हो गईं. स्पेन में आपातकालीन सेवाओं और रेल कर्मचारियों ने बिजली कट जाने के कारण पटरियों पर रुकी हुईं 100 से अधिक ट्रेनों से लगभग 35,000 लोगों को निकाला.

स्पेन के सबसे बड़े रेलवे स्टेशनों पर, यात्रियों की भीड़ मंगलवार सुबह ट्रेनों में चढ़ने या सोमवार को रद्द या बाधित यात्राओं के लिए टिकट फिर से बुक करने तथा घर लौटने के लिए इंतजार कर रही थी. मैड्रिड के एटोचा स्टेशन पर, सैकड़ों लोग ताजा जानकारी के इंतजार में स्क्रीन के पास खड़े रहे. कई लोगों ने रात स्टेशन पर बिताई थी और उन्हें रेड क्रॉस की ओर से रात करीब 1 बजे कंबल बांटे गए. बार्सिलोना के सेंट्स स्टेशन पर भी कुछ ऐसा ही नजारा था. इस सप्ताह चल रहा मैड्रिड ओपन टेनिस टूर्नामेंट भी बिजली कटौती की वजह से अब तक प्रभावित है. यह सोमवार को स्थगित हो गया था. मंगलवार सुबह 11 बजे तक मैड्रिड में मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बहाल कर दी गईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu