हर भारतीय का खून खौल रहा है, पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा: मोदी ने पहलगाम हमले पर कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 02:29 PM
हर भारतीय का खून खौल रहा है, पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा: मोदी ने पहलगाम हमले पर कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों और इसकी साजिश में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने का पुन: आश्वासन देते हुए रविवार को कहा कि पीड़ितों को न्याय मिलकर रहेगा. मोदी ने अपने मासिक ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि हमले की तस्वीरें देखकर हर भारतीय का खून खौल रहा है.

प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता और 140 करोड़ नागरिकों की एकजुटता सबसे बड़ी ताकत है.
उन्होंने कहा, ”यह एकता आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है.” प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की ओर इशारा करते हुए कहा कि कश्मीर के प्रसिद्ध पर्यटन शहर में किया गया यह हमला आतंकवाद के सरपरस्तों की हताशा एवं कायरता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि यह हमला ऐसे समय में किया गया जब घाटी में शांति और विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में रौनक लौट रही थी, निर्माण कार्य में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या रिकॉर्ड दर से बढ़ रही थी, लोगों की आय बढ़ रही थी और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे थे.

मोदी ने कहा, ”देश के दुश्मनों, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को यह रास नहीं आया. आतंकवादी और आतंकवाद के आका चाहते हैं कि कश्मीर फिर से बर्बाद हो जाए और इसलिए उन्होंने इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया.” प्रधानमंत्री ने कहा कि कश्मीर में नागरिकों पर हुए इस भीषण आतंकवादी हमले से उनके मन में गहरी पीड़ा है और इस घटना ने देश के हर नागरिक को दुख पहुंचाया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों के लिए हर भारतीय के मन में गहरी संवेदना है, भले ही वह किसी भी राज्य से हो या कोई भी भाषा बोलता हो.
उन्होंने कहा, ”मुझे एहसास है कि आतंकवादी हमले की तस्वीरों को देखकर हर भारतीय का खून खौल रहा है. मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा. इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा.” मोदी ने कहा, ”हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है. हमें एक राष्ट्र के रूप में दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करना है. आज दुनिया देख रही है कि इस आतंकवादी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में इसके खिलाफ बोल रहा है.” उन्होंने कहा कि इस हमले की पूरी दुनिया ने निंदा की है.

मोदी ने कहा, ”भारत के लोगों में जो आक्रोश है, वह आक्रोश पूरी दुनिया में है. इस आतंकवादी हमले के बाद दुनिया-भर से लगातार संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं. मुझे दुनिया के कई नेताओं ने फोन किए हैं, पत्र लिखे हैं, संदेश भेजे हैं. जघन्य तरीके से किए गए इस आतंकवादी हमले की सभी ने कठोर निंदा की है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं.” उन्होंने कहा, ”आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में पूरा विश्व 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है. जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम के ऊपरी इलाके में स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों के हमले में 26 लोग मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu