फ्लोरिडा में दो साल के बच्चे ने पिता को मारी गोली, मां बनीं आरोपी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jun 2022 07:18 PM
फ्लोरिडा में दो साल के बच्चे ने पिता को मारी गोली, मां बनीं आरोपी
ऑडियो सुनें

ऑरलैंडो/न्यूयॉर्क. अमेरिका के फ्लोरिडा प्रांत में दो साल के एक बच्चे ने बंदूक मिलने पर अपने पिता को दुर्घटनावश गोली मार दी, जिसके बाद उसकी मां को आपराधिक धाराओं का सामना करना पड़ रहा है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. रेगी मैब्री (26) को पिछले महीने के आखिर में उस वक्त गोली मारी गई थी, जब वह वीडियो गेम खेल रहे थे. आॅरेंज काउंटी शेरिफ कार्यालय की रिपोर्ट के अनुसार, मैब्री का परिवार मेट्रो ओरलैंडो में रहता है और उसमें तीन बच्चे व पत्नी मैरी अयाला शामिल हैं.

आॅरेंज काउंटी के शेरिफ जॉन मीना ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘बंदूक को ठीक से सुरक्षित जगह पर नहीं रखा गया था. इसके चलते दो साल का एक बच्चे इस तक पहुंच गया और दुर्घटनावश अपने पिता को गोली मार दी.’’ मीना ने कहा कि 28 वर्षीय अयाला पर लापरवाही के कारण गैर-इरादतन हत्या का आरोप तय किया गया है. अयाला और मैब्री, दोनों बच्चों की उपेक्षा करने और नशीले पदार्थों का सेवन करने के आरोप में परिवीक्षा पर थे.

अधिकारियों के मुताबिक, अयाला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसके पांच साल के बेटे ने उसे बताया कि उसके दो साल के भाई ने बंदूक चलाई थी, लेकिन बड़ा भाई यह नहीं बता सका कि उसके छोटे भाई ने हथियार कैसे हासिल किया. अधिकारियों के अनुसार, घटना में बच्चों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और उन्हें फ्लोरिडा बाल एवं परिवार विभाग की देखरेख में भेज दिया गया है. शेरिफ ने कहा, ‘‘अगर बंदूक को सुरक्षित स्थान पर रखा गया होता तो घटना रोकी जा सकती थी. अब इन छोटे बच्चों ने अपने माता-पिता, दोनों को प्रभावी रूप से खो दिया है. एक छोटे बच्चे को इस सदमे के साथ जीवन जीना पड़ेगा कि उसने अपने पिता को गोली मार दी.’’

न्यूयॉर्क में अब 21 साल से कम उम्र के लोग नहीं खरीद पाएंगे अर्ध स्वचालित राइफल

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल ने गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर एक नए कानून पर दस्तखत किए हैं, जिसके तहत प्रांत में अब 21 साल से कम उम्र के लोग अर्ध स्वचालित राइफल नहीं खरीद पाएंगे. न्यूयॉर्क अमेरिका में गोलीबारी की घटनाओं को रोकने के लिए ऐसा बड़ा कदम उठाने वाला पहला प्रांत है.

होचुल ने सार्वजनिक सुरक्षा संबंधी 10 विधेयकों पर हस्ताक्षर किए, जिसमें से एक के तहत नए आग्नेयास्त्रों पर ‘माइक्रोस्टैंिम्पग’ की आवश्यकता होगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस कानून के लागू होने से बंदूक संबंधी अपराधों में कमी आएगी. एक अन्य संशोधित कानून के तहत अदालत को उन लोगों के पास से अस्थायी रूप से बंदूक अपने कब्जे में लेने का अधिकार मिल गया है, जो खुद या दूसरों के लिए खतरा हो सकते हैं.

होचुल ने ब्रोंक्स में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘न्यूयॉर्क में हम कड़े कदम उठा रहे हैं. हम कानूनों को कड़ा कर रहे हैं, ताकि बंदूकों को खतरनाक लोगों से दूर रखा जा सके.’’ न्यूयॉर्क के विधानमंडल ने पिछले सप्ताह इन विधेयकों को पारित किया था.
गौरतलब है कि बफेलो सुपरमार्केट में 14 मई को एक नस्ली हमले में 10 अश्वेत लोग मारे गए थे. वहीं, इस घटना के 10 दिन बाद 24 मई को टेक्सास के एक स्कलू में हुई गोलीबारी में 19 बच्चों और दो शिक्षकों की मौत हो गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu