आंध्र प्रदेश पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए और वक्त मांगा फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 19 Nov 2024 01:56 PM
आंध्र प्रदेश पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए और वक्त मांगा फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने
ऑडियो सुनें

प्रकाशम: फिल्म निर्देशक रामगोपाल वर्मा ने मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण और उनके परिवार के सदस्यों की तस्वीरों से कथित छेड़छाड़ के मामले में पूछताछ के लिए आंध्र प्रदेश पुलिस के सामने पेश होने के लिए मंगलवार को और समय मांगा। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

प्रकाशम जिले के एक पुलिस दल ने कुछ दिन पहले हैदराबाद में जुबिली हिल्स स्थित वर्मा के आवास पर जाकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से नोटिस दिया था और 19 नवंबर को पूछताछ के लिए उसके समक्ष पेश होने को कहा था।
प्रकाशम के पुलिस अधीक्षक ए आर दामोदर ने कहा कि वर्मा आज पूछताछ के लिए नहीं आए।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘रामगोपाल वर्मा ने अपने वकील के माध्यम से लिखित अनुरोध भेजा है कि उन्हें पूछताछ के लिहाज से पेश होने के लिए चार-पांच दिन का समय और दिया जाए क्योंकि वह एक फिल्म की पहले से निर्धारित शूंिटग में व्यस्त हैं।’’

दामोदर ने कहा कि वर्मा ने पुलिस के साथ सहयोग करने की इच्छा प्रकट की है। उन्होंने कहा कि पुलिस फिल्म निर्देशक के अनुरोध पर विचार करेगी और निर्णय लेगी। अधिकारी ने कहा कि सामान्य तौर पर ऐसी स्थिति में एक या दो दिन का समय और दिया जाता है।

हालांकि, दामोदर ने कहा कि अगर वर्मा के अनुरोध की वजह फर्जी तथा पूछताछ से बचने की जानबूझकर की गई तिकड़म पाई गई तो पुलिस वर्मा के पास एक टीम को भेजने में संकोच नहीं करेगी। नायडू, कल्याण और अन्य की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें सोशल मीडिया पर डालने के मामले में वर्मा के खिलाफ 11 नवंबर को प्रकाशम जिले के मद्दीपड्डू थाने में एक मामला दर्ज किया गया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav