कोरबा के सरकारी अस्पताल में आग, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 07:21 PM
कोरबा के सरकारी अस्पताल में आग, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दूसरी मंजिल पर बृहस्पतिवार सुबह आग लग गई. इस घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी धनराज कुंवर अस्पताल की ऊपरी मंजिल में आज सुबह आग लग गई. उन्होंने आशंका जताई कि शॉर्ट र्सिकट के कारण आग लगी होगी.

ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (बीएमओ) डॉक्टर दीपक राज ने बताया कि आज सुबह रानी धनराज कुंवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दूसरी मंजिल से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद अस्पताल के कर्मचारी हरकत में आए और दमकल विभाग को सूचना दी.
डॉक्टर राज ने बताया कि अस्पताल में अग्निशमन यंत्रों और पानी से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया.

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर मरीजों को अस्पताल से बाहर निकाला गया तथा आग बुझने के बाद उन्हें भीतर ले जाया गया.
अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी भी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है. प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि शॉर्ट र्सिकट के कारण दूसरी मंजिल के स्टोर रूम में रखे उपकरणों में आग लगी. उन्होंने बताया कि आग में कुछ उपकरण और रिकॉर्ड जलकर खाक हो गए हैं. आग लगने का सही कारण और उससे होने वाले नुकसान के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu