अयोध्या में एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद मकान ढह गया, पांच लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Oct 2025 10:17 PM
अयोध्या में एक शक्तिशाली विस्फोट के बाद मकान ढह गया, पांच लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

अयोध्या. अयोध्या में पूरा कलंदर थानाक्षेत्र के पगला भारी गांव में बृहस्पतिवार को शक्तिशाली विस्फोट होने के बाद एक मकान ढह गया, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शैलेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मलबे में अब भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है और बचाव अभियान जारी है.

सिंह ने कहा, ”विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई है, कुछ घायल हुए हैं. फंसे हुए लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं. विस्फोट का कारण अभी स्पष्ट नहीं है.” इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीमं मौके पर पहुंच गईं. बचावकर्मी मलबा हटाने के लिए उत्खनन मशीनों का उपयोग कर रहे हैं, जबकि एहतियात के तौर पर आस-पास के घरों को खाली करा दिया गया है.

अधिकारियों ने बचाव कार्यों में मदद के लिए निवासियों से दुर्घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है. वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं और विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया है. एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने, घायलों के लिए उचित चिकित्सा सुनिश्चित करने और बचाव एवं राहत कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करने के निर्देश दिए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu