नारायणपुर जिले में चार इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 08:45 PM
नारायणपुर जिले में चार इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक महिला नक्सली समेत चार इनामी नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले में चार नक्सलियों बैसाखू नुरेटी उर्फ देवलाल (30), समीर कश्यप (23), फुलमति उर्फ फूलो (30) और कमल सिंह उर्फ कमलेश उसेंडी (8) ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण किया.

उन्होंने बताया कि बैसाखू एरिया कमेटी सदस्य है तथा उसपर पांच लाख रूपये जबकि माड़ डिविजन में कम्यूनिकेशन टीम के कमांडर समीर पर तीन लाख रुपये का इनाम था. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली फुलमति और कमल पर एक-एक लाख रूपए का इनाम था. उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली नारायणपुर जिले के कुतुल एरिया कमेटी के अंतर्गत सक्रिय थे.

अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति से प्रभावित होकर तथा माओवादियों के अमानवीय, आधारहीन विचारधारा और बाहरी नक्सलियों के भेदभाव से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया है.
उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने पर नक्सलियों को प्रोत्साहन राशि के तौर पर 50-50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया है, उन्हें नक्सल उन्मूलन नीति के तहत मिलने वाली सुविधाएं दी जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष नारायणपुर जिले में अब तक कुल 101 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu