अवैध रूप से रह रहे लोगों के प्रति बिल्कुल नरमी नहीं बरतेगी सरकार : अमित शाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Nov 2023 10:23 PM
अवैध रूप से रह रहे लोगों के प्रति बिल्कुल नरमी नहीं बरतेगी सरकार : अमित शाह
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार अवैध रूप से रह रहे लोगों के प्रति बिल्कुल नरमी नहीं बरतने की अपनी नीति को जारी रखेगी और भारत को इस खतरे से सुरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है. शाह ने कहा कि सुरक्षित भारत की प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अंतर्गत राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पांच अंतरराष्ट्रीय मानव तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है.

उन्होंने कहा कि यह अभियान दस राज्यों में एक साथ चलाया गया, जिसके परिणामस्वरूप 44 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”एनआईए की टीम को बधाई. मोदी सरकार अवैध रूप से रह रहे लोगों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरतने की अपनी नीति को जारी रखेगी और केंद्र सरकार इस खतरे से राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है.”

एनआईए के एक प्रवक्ता ने बताया कि एजेंसी ने बुधवार को देशभर में छापेमारी कर मानव तस्करी में शामिल पांच गिरोह का भंडाफोड़ कर 44 लोगों को गिरफ्तार किया. प्रवक्ता ने बताया कि भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते घुसपैठ में शामिल और अवैध रूप से लोगों को बसाने में मदद करने वाले मानव तस्करों के नेटवर्क को नष्ट करने के लिए आठ राज्यों एवं दो केंद्र शासित प्रदेशों में 55 ठिकानों पर सीमा सुरक्षा बल व राज्य पुलिस बल के सहयोग के साथ छापेमारी की गई.

उन्होंने बताया कि त्रिपुरा, असम, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, हरियाणा, राजस्थान और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर व पुडुचेरी में छापेमारी की गई. अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए त्रिपुरा से 21, कर्नाटक से 10, असम से पांच. पश्चिम बंगाल से तीन, तमिलनाडु से दो और पुडुचेरी, तेलंगाना और हरियाणा से एक-एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu