गुजरात: ताजिया जुलूस के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत, 10 अन्य घायल

जामनगर. मुहर्रम की पूर्व संध्या पर गुजरात के जामनगर शहर में निकाले जा रहे ताजिया जुलूस के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. बी-संभाग थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार की रात करीब सवा 11 बजे हुई, जब जुलूस शहर के धारानगर मोहल्ले से गुजर रहा था.

मुस्लिम समुदाय के लोग कर्बला की लड़ाई में पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुहर्रम मनाते हैं.
अधिकारी ने बताया कि इमाम हुसैन के मकबरे की एक छोटी प्रतिकृति ताजिया के बिजली के तार से छू जाने के बाद उसमें करंट आ गया, जिसकी चपेट में 12 लोग आ गए.

उन्होंने बताया कि ताजिया के तार को छूते ही उसके सिरे से एक ंिचगारी निकलती दिखाई दी. ताजिया के संपर्क में आए लोगों को बिजली का झटका लगा. सभी 12 लोगों को एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान आसिफ यूनुस भाई मलिक (23) और मोहम्मद वहीद (25) के तौर पर हुई है. ताजिया आम तौर पर बांस से बनाया जाता है और रंगीन रोशनी एवं कागज से उसे सजाया जाता है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button