
रायपुर. स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एन.एच.एम. के संविदा कर्मियों को आश्वस्त किया है कि उन्हें 27 फीसदी वेतन वृद्धि का लाभ निश्चित रूप से दिलाया जायेगा. साथ ही उन्होंने एम.डी. एन.एच.एम. को अन्य राज्यों में हुए नियमितीकरण का अध्ययन करने के निर्देश भी दिये.
छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की महिला पदाधिकारियों ने आज यहां स्वास्थ्य मंत्री के निवास कार्यालय में उनसे मुलाकात की. कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने इस दौरान अपना 18 सूत्रीय ज्ञापन स्वास्थ्य मंत्री को सौपा. स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने ज्ञापन पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए आश्वस्त किया कि 27 फीसदी वेतन वृद्धी का लाभ प्रदेश के सभी संविदा कर्मियों को दिलाये जाने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्पित है. स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत् संविदा कर्मियों को निश्चित तौर पर इसका लाभ दिलाया जायेगा.
साथ ही महिला पदाधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि तमिलनाडु और मणिपुर में एन.एच.एम. संविदा कर्मियों का नियमितीकरण किया गया है. इस निवेदन पर स्वास्थ्य मंत्री ने एम.डी. एन.एच.एम. को अन्य राज्यों में हुए नियमितीकरण का अध्ययन कर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं. स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल से मिले आश्वासन से छत्तीसगढ़ प्रदेश एन.एच.एम. कर्मचारी संघ की महिला पदाधिकारी खुशी जाहिर की. सभी पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल की इस त्वरित कार्यवाही के लिए धन्यवाद ज्ञापित कर आभार प्रकट किया.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के हड़ताल अवधि का अर्जित अवकाश स्वीकृत
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ ने आदेश जारी कर समस्त मुख्य चिकित्सा, स्वास्थ्य अधिकारी और समस्त संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं को निर्देशित किया है कि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत एस्मा कानून लागू होने के दौरान हड़ताल में शामिल अधिकारियों-कर्मचारियों के विरूद्ध किये गये बर्खास्तगी की कार्यवाही को, समस्त नियमों को शिथिल करते हुए, शून्य घोषित किया गया है. उक्त अधिकारियों-कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान हुई अनुपस्थिति अवधि का निराकरण अर्जित अवकाश स्वीकृत करते हुए किया जाये. साथ ही यदि संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के अवकाश लेखा में अर्जित अवकाश उपलब्ध न हो तो असाधारण अवकाश स्वीकृत किया जाये.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी 11 अगस्त 2023 को एक दिवसीय हड़ताल एवं 21 अगस्त 2023 से अनिश्चित कालीन आंदोलन पर गए थे.



