मंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उडुपी के एक कॉलेज में शौचालय में वीडियो बनाने के मामले में मंगलवार को विशेष जांच दल(एसआईटी) से जांच से इनकार कर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी जांच कर रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की सदस्य खुशबू सुंदर ने जांच के बाद शौचालय में गुप्त कैमरा होने से इनकार किया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले पर विस्तृत चर्चा की जा सकती है.
मंगलुरु के दो तटीय जिलों की समीक्षा बैठकों में हिस्सा लेने आए सिद्धरमैया ने हवाईअड्डे पर संवाददाताओं से कहा,”जांच पूरी होने के बाद ही मैं इस मामले पर टिप्पणी करूंगा. जब एक पुलिस उपाधीक्षक द्वारा द्वारा जांच की जा रही है तो एसआईटी से जांच का सवाल ही नहीं उठता.” दक्षिण कन्नड़ जिले में बार-बार नैतिक पुलिस (मोरल पुलिस) की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें (नैतिक पुलिस) में लिप्त लोगों से सख्ती से निपटा जाएगा. किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और पुलिस विभाग को ऐसे अपराधों के प्रति किसी भी तरह की नरमी नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है. सिद्धरमैया ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.