हिमंत ने कांग्रेस सांसद से पाकिस्तान में रहने और पत्नी की नौकरी पर सवाल पूछा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 03:08 PM
हिमंत ने कांग्रेस सांसद से पाकिस्तान में रहने और पत्नी की नौकरी पर सवाल पूछा
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कांग्रेस के एक सांसद से रविवार को पूछा कि क्या वह लगातार 15 दिन तक पाकिस्तान में रहे हैं और क्या उनकी पत्नी को पड़ोसी देश के एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) से वेतन मिलता है. शर्मा ने ‘एक्स’ पर कई प्रश्न पोस्ट करते हुए सांसद की पत्नी और उनके बच्चों की नागरिकता की स्थिति पर भी सवाल उठाया. हालांकि उन्होंने कांग्रेस नेता का नाम नहीं लिया.

हालांकि, मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में सांसद का नाम नहीं लिया, लेकिन वह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछले कुछ समय से लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता गौरव गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान के साथ कथित संबंध को लेकर हमला कर रहे हैं.
उन्होंने पूछा, ”कांग्रेस पार्टी के माननीय सांसद के लिए प्रश्न: 1. क्या आप लगातार 15 दिन तक पाकिस्तान में रहे? अगर हां, तो क्या आप कृपया अपनी यात्रा का उद्देश्य स्पष्ट कर सकते हैं?” मुख्यमंत्री ने यह भी सवाल किया कि क्या यह सच है कि सांसद की पत्नी ”भारत में रहकर काम करते हुए भी पाकिस्तान स्थित एक एनजीओ से वेतन प्राप्त कर रही हैं.” शर्मा ने सवाल किया, ”यदि ऐसा है, तो क्या हम पूछ सकते हैं कि पाकिस्तान स्थित एक संगठन भारत में की जाने वाली गतिविधियों के लिए वेतन क्यों दे रहा है?” उन्होंने सांसद की पत्नी और दो बच्चों की नागरिकता की स्थिति के बारे में भी पूछा.

शर्मा ने कहा, ”क्या वे भारतीय नागरिक हैं या उनके पास किसी अन्य देश की नागरिकता है? इसके बाद कई और सवाल पूछे जाएंगे.” मुख्यमंत्री ने पिछले महीने कहा था कि राज्य सरकार पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के भारत के आंतरिक मामलों में कथित हस्तक्षेप की जांच में इंटरपोल जैसी एजेंसियों से मदद मांग सकती है. शेख के बारे में दावा किया जाता है कि उसके गोगोई की ब्रिटिश पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न से संबंध हैं. गोगोई ने कहा था कि भाजपा ”निराधार आरोप” लगा रही है और उसके पास ”उठाने के लिए कोई मुद्दा नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu