भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बसों को मारी टक्कर, 13 लोगों की मौत, 60 से ज्यादा घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 25 Feb 2023 12:19 PM
ऑडियो सुनें

मध्य प्रदेश: सीधी जिले में चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत चुरहट-रीवा नेशनल हाईवे पर मोहनिया टनल के समीप ग्राम बरखड़ा के पास शुक्रवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीन बसों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से एक बस सड़क किनारे पलटकर गई, जबकि दो बसें अनियंत्रित होकर खाई में गिर गईं। इस हादसे में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 60 से अधिक लोगों के घायल हो गए। हादसा ट्रक का टायर फटने से हुआ। मृतकों में से आठ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि बाकी की मौत अस्पताल में हुई। अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये आर्थिक सहायता की घोषणा की है। कांग्रेस नेता कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी हादसे पर दुख जताया।

दरअसल, रविवार को सतना में कोल समाज का महाकुंभ था, जिसमें केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शामिल हुए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेशभर से कोल समाज के लोग बसों से आए थे। रात में ये बसें कार्यक्रम समापन के बाद लोगों को लेकर वापस लौट रही थीं। रामपुर बघेलान और रीवा के रास्ते मोहनिया टनल से एक किलोमीटर दूर सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र में बरखड़ा गांव के पास तीन बसें कुछ देर के लिए रोकी गई थीं। यहां यात्रियों के लिए चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। तीनों बसों से 50 से 60 लोग सवार थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोहनिया टनल से कुछ दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने तीनों बसों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दो बसें 10 फीट गहरी खाई में गिर गईं। वहीं, एक बस हाईवे पर ही पलट गई। ट्रक सीमेंट से भरा था और टक्कर के बाद पलट गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रात में सीधी में ही थे। हादसे की सूचना मिलते ही वे आधी रात को घटनास्थल पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वे अस्पताल भी गए और घायलों से मुलाकात की। उनके साथ प्रदेश भाजपाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। इससे पहले सीधी कलेक्टर और एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सीधी सांसद रीति पाठक भी मौके पर पहुंचीं।

मुख्यमंत्री चौहान ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपए और साधारण घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री चौहान ने देर रात ट्वीट करते हुए कहा कि रात में सीधी जिले में हुई दुर्घटना में खड़ी बसों से ट्रक द्वारा टकराने के फलस्वरूप हुई जनहानि और रेस्क्यू प्रयासों की घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी प्राप्त की। प्रशासनिक अधिकारियों, नागरिकों और घटना के प्रत्यक्षदर्शियों से विस्तृत विवरण जाना। दु:ख की इस घड़ी में हम सब साथ हैं। रीवा मेडिकल कॉलेज और संजय ग़ांधी अस्पताल में पहुंचकर शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया और घायलों के इलाज के संबंध में चिकित्सकों से जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हमारे घायल भाई-बहन शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ हों, यही प्रार्थना करता हूं। सीधी में हुई दुर्घटना हृदय विदारक है। रीवा के अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। घायलों के इलाज की बेहतर से बेहतर व्यवस्था की गई है, फिर भी आवश्यकता पड़ने पर इलाज के लिए बाहर ले जाया जायेगा। हमारी पहली प्राथमिकता है कि घायलों के उपचार की बेहतर व्यवस्था करें। आवश्यकता पड़ने पर घायलों को एयर एंबुलेंस द्वारा भी अन्यत्र उपचार हेतु ले जाएंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav