कलबुर्गी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन सोमवार को यहां मतदाताओं से समर्थन की भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इस बात पर गर्व कर सकती है कि राज्य के ‘भूमि पुत्र’ के रूप में वह अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं.
उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के एक उम्मीदवार द्वारा उन्हें जान से मारने की कथित तौर पर धमकी दिए जाने का हवाला देते हुए कहा कि वह 81 वर्ष के हो चुके हैं और अगर कोई उन्हें मारना चाहता है तो मार सकता है, लेकिन वह अपनी अंतिम सांस तक गरीबों के लिए लड़ाई जारी रखेंगे और उनके हितों की रक्षा का प्रयास करते रहेंगे.