पुलिस और सरकार पर नहीं बल्कि अदालत पर भरोसा है: सपा सांसद बर्क

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 08:59 PM
पुलिस और सरकार पर नहीं बल्कि अदालत पर भरोसा है: सपा सांसद बर्क
ऑडियो सुनें

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के संभल में पिछले वर्ष नवंबर में हुई हिंसा की जांच कर रहे न्यायिक आयोग के समक्ष बुधवार को पेश हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि उन्हें पुलिस प्रशासन और सरकार पर नहीं बल्कि अदालत पर भरोसा है. पिछले वर्ष नवंबर में अदालत के आदेश पर शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद हुई हिंसा में चार लोगों की मौत हो गयी थी और कई लोग घायल हुए थे. मामले की जांच कर रहे आयोग ने सांसद बर्क को बुधवार को लखनऊ में हाजिर होने के लिए समन जारी किया था.

सांसद बर्क ने आयोग के समक्ष पेश होने से पहले संवाददाताओं से कहा, “मैंने पुलिस जांच के दौरान पूरी तरह से सहयोग किया और सवालों का सटीक जवाब दिया. आज (बुधवार को) न्यायिक आयोग ने मुझे बुलाया था और मैं यहां आकर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर रहा हूं. मैं पूछे जाने वाले सभी सवालों का जवाब दूंगा.” बर्क ने इस मामले में फंसाए जाने की संभावना के बारे में पूछने पर दोहराया, “हम पुलिस प्रशासन और सरकार पर भरोसा नहीं कर सकते. हमारा अदालतों में पूरा भरोसा है. मैं उम्मीद करता हूं कि जनता को अदालत से न्याय मिलेगा.”

उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश देवेंद्र अरोड़ा, सेवानिवृत्त पुलिस प्रमुख अरविंद कुमार जैन और पूर्व अपर मुख्य सचिव अमित मोहन का तीन सदस्यीय आयोग संभल का कई बार दौरा कर साक्ष्य एकत्रित कर रहा है. इस न्यायिक आयोग की जांच का लक्ष्य हिंसा को लेकर तथ्यों का पता लगाना और जिम्मेदारी तय करना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu