कांग्रेस सत्ता में आई तो जाति आधारित जनगणना कराएगी और एमएसपी पर कानून बनाएगी: राहुल गांधी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Mar 2024 08:11 PM
कांग्रेस सत्ता में आई तो जाति आधारित जनगणना कराएगी और एमएसपी पर कानून बनाएगी: राहुल गांधी
ऑडियो सुनें

बदनावर. राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो उसकी प्राथमिकता जाति आधारित जनगणना कराने और फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी बनाने की होगी. भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तहत आदिवासी बहुल धार जिले के बदनावर शहर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि जाति जनगणना ”हरित क्रांति और श्वेत क्रांति जितना बड़ा” एक क्रांतिकारी कदम होगा.

गांधी ने मप्र में अपनी यात्रा के अंतिम दिन कहा, ” जाति आधारित जनगणना एक क्रांतिकारी कदम है. जैसे ही हम केंद्र में सत्ता में आएंगे, हम यह काम करेंगे. दूसरी चीज जो हम करेंगे वह किसानों को एमएसपी प्रदान करने के लिए कानूनी गारंटी प्रदान करना है.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जाति आधारित जनगणना से देश में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पिछड़े वर्ग के लोगों की सही संख्या का आकलन होगा.

उन्होंने कहा, ” जनगणना से इन वर्गों की वित्तीय स्थिति और विभिन्न संस्थानों में उनके प्रतिनिधित्व का पता चलेगा. इससे सब कुछ पता चल जाएगा.” गांधी ने कहा कि कांग्रेस ” सामाजिक और आर्थिक मोर्चों पर न्याय करने के लिए प्रतिबद्ध है. हम किसानों के साथ भी न्याय करेंगे.” उन्होंने कहा कि हरियाणा और पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों की एकमात्र मांग फसलों के लिए एमएसपी की गारंटी है.

उन्होंने कहा, ” लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार कह रही है कि वे एमएसपी नहीं देंगे. इसने (सरकार ने) 100 उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए, जो 24 साल के मनरेगा बजट के बराबर है. लेकिन वे किसानों का कर्ज माफ नहीं करना चाहते.” कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर हम सत्ता में आते हैं तो यह सुनिश्चित करने के लिए एक कानून बनाया जाएगा कि किसानों को एक निश्चित न्यूनतम राशि मिले. उन्होंने कहा, ” हम आपके लिए काम करना चाहते हैं क्योंकि आप लोग हमारे साथ खड़े हैं और हमारा समर्थन करते हैं. हम जल, जंगल और जमीन को बचाने की आपकी लड़ाई में आपका साथ देंगे.” भारत जोड़ो न्याय यात्रा शाम को मप्र से राजस्थान की ओर बढ़ेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu