यदि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं तो भारत उसे पहनायेगा: कंगना रनौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 16 May 2024 10:21 PM
यदि पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं तो भारत उसे पहनायेगा: कंगना रनौत
ऑडियो सुनें

शिमला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता एवं अभिनेत्री कंगना रनौत ने विपक्षी नेताओं की ”पाकिस्तान समर्थक” टिप्पणियों को लेकर बृहस्पतिवार को उनकी आलोचना की और कहा कि यदि पड़ोसी देश ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं, तो भारत उसे चूड़ियां पहनाएगा. मंडी लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रनौत ने कुल्लू में एक जनसभा में कहा, ”हम जानते हैं कि पाकिस्तान को आटा और बिजली की जरूरत है. लेकिन हमें यह नहीं पता था कि उसके पास चूड़ियां भी नहीं हैं.” नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने हाल में कहा था कि ”पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं” और उसके पास परमाणु बम है.

कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने एक वीडियो जारी कर कहा था, ”भारत को पाकिस्तान का सम्मान करना चाहिए क्योंकि वह एक संप्रभु राष्ट्र है और उसके साथ संवाद कायम करना चाहिए क्योंकि उसके पास भी परमाणु बम है.” बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना ने कहा, ”वो कहते हैं, पाकिस्तान ने चूड़ियां नहीं पहनी हैं…अरे भाई, नहीं पहनी है तो हम पहना देंगे.” उन्होंने कहा कि भारत एक अस्थिर और कमजोर कांग्रेस सरकार नहीं चाहता है.

रनौत ने कहा कि कांग्रेस दलितों, महादलितों और आदिवासियों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को देना चाहती है लेकिन प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) ऐसा कभी नहीं होने देंगे. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न तो संविधान के साथ छेड़छाड़ करने देंगे और न ही धर्म के आधार पर आरक्षण देंगे. मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए लोगों से अपना एक-एक वोट भाजपा को देने की अपील करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि कोई भी दूसरा बटन दबाने का मतलब होगा कि उनका वोट बर्बाद हो गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu