
बांदा. समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘देश में वैक्सीन से जान, तो भाजपा से संविधान पर खतरा मंडरा रहा है तथा इस बार जनता के एक वोट से दो सरकारें गिरेंगी. यादव ने अतर्रा कस्बे में बांदा सीट से सपा प्रत्याशी कृष्णा सिंह पटेल के समर्थन में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ”इस जनसभा में इकट्ठा हुई भीड़ से अंदाजा लग रहा है कि बुंदेलखंड इतिहास बदलने जा रहा है, इस बार बुंदेलखंड में भाजपा को एक भी सीट नहीं मिलने वाली है. आपके एक वोट से दो सरकारें गिरेंगी.” हालांकि उन्होंने यह खुलासा नहीं हुआ कि दूसरी सरकार से उनका क्या मतलब है.
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ”देश में वैक्सीन से जान, तो भाजपा से संविधान पर खतरा मंडरा रहा है.” उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने जानबूझकर पुलिस भर्ती का पेपर लीक करवाया ताकि आरक्षण के आधार पर नौकरी न देना पड़े.
उन्होंने कहा कि भाजपा ने 60 लाख युवाओं के सपने तोड़े हैं, अब वही युवा और उनके परिजन भाजपा को सबक सिखाएंगे.
सपा प्रमुख ने कहा ,”भाजपा सरकार में महंगाई बढ.ी है. पिछले 10 साल में मोटरसाइकिल की कीमत दोगुनी हो गई है. यहां तक बुखार की गोली की कीमत भी दोगुनी हुई है. खाद की बोरी से खाद की चोरी की गई है.” उन्होंने कहा, ‘मैं आप सभी को सावधान कर रहा हूं, अगर फिर भाजपा सरकार बनी तो अभी फौज की नौकरी चार साल की हुई है, अब वे (भाजपा वाले) पुलिस की नौकरी भी तीन साल की कर देंगे.”



