आयकर विभाग छापेमारी : अब तक नकदी से भरे 156 बैग बरामद, प्रधानमंत्री मोदी ने कसा तंज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 08 Dec 2023 07:53 PM
आयकर विभाग छापेमारी : अब तक नकदी से भरे 156 बैग बरामद, प्रधानमंत्री मोदी ने कसा तंज
ऑडियो सुनें

भुवनेश्वर/रांची. आयकर विभाग ने ओडिशा स्थित शराब बनाने वाली एक कंपनी के खिलाफ कर चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीसरे दिन भी छापे मारे और अब तक 220 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की जा चुकी है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आयकर विभाग की इस छापेमारी को लेकर शुक्रवार को विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता से लूटा गया पैसा वापस करना होगा.

मोदी ने अप्रत्यक्ष रूप से ओडिशा और झारखंड के उन नेताओं का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी, जिनका शराब कंपनी से संबंध है.
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक हिंदी समाचारपत्र की खबर साझा की जिसमें दावा किया गया है कि झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से कथित तौर पर जुड़े एक कारोबारी समूह के विभिन्न ठिकानों से आयकर विभाग ने 200 करोड़ रुपये नकदी बरामद की है.

प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ”देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें… जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है.” उन्होंने इस पोस्ट के साथ कई इमोजी भी लगाई.
खबर में नोटों से भरी कई अलमारियों की तस्वीर भी प्रर्दिशत की गई हैं.

शराब कंपनी से कथित तौर पर संबंध रखने वाले झारखंड के एक सांसद से जब ‘पीटीआई-भाषा’ ने संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन बंद मिला. उनके रांची स्थित कार्यालय में कर्मचारियों ने बताया कि सांसद उपलब्ध नहीं हैं. अधिकारियों के मुताबिक आयकर विभाग ने ओडिशा स्थित शराब बनाने वाली एक कंपनी के खिलाफ कर चोरी के आरोप में शुक्रवार को तीसरे दिन भी छापे मारे और नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए.

उन्होंने बताया कि इन बैग से बरामद नकदी में से अब तक 20 करोड़ रुपये गिने जा चुके हैं. इसके साथ ही छापेमारी में अब तक 220 करोड़ रुपये बरामद किए गए हैं. आयकर विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बोलांगीर जिले के सुदापाड़ा में छापेमारी के दौरान नकदी से भरे 156 बैग बरामद किए.

एक अधिकारी ने कहा, ”156 बैग में से केवल छह-सात की गिनती की गई, जिसमें 20 करोड़ रुपये की रकम पाई गई.” आयकर विभाग ने संबलपुर, बोलांगीर, टिटिलागढ़, बौध, सुंदरगढ़, राउरकेला और भुवनेश्वर में छापेमारी की. शराब का कारोबार करने वाली कंपनी ने अभी तक छापे को लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई ने एक संवाददाता सम्मेलन में पूरे प्रकरण की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की और ओडिशा में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) से स्पष्टीकरण भी मांगा. भाजपा प्रवक्ता मनोज महापात्रा ने ओडिशा के पश्चिमी क्षेत्र की एक महिला मंत्री की तस्वीरें भी दिखाईं. जिसमें वह उन शराब व्यापारियों में से एक के साथ मंच साझा करते हुए पाई गईं, जिनके ठिकानों पर आयकर विभाग की ओर से छापे मारे जा रहे हैं.

भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि कर चोरी की यह सच्चाई स्थानीय नेताओं और राज्य सरकार के सक्रिय समर्थन और संरक्षण के बिना संभव नहीं हो सकती. मनोज महापात्रा ने सवाल किया, ” ओडिशा का आबकारी विभाग, सतर्कता प्रकोष्ठ, खुफिया प्रकोष्ठ और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ क्या कर रहे थे? ” हालांकि, बीजद विधायक सत्यनारायण प्रधान ने भाजपा के आरोप को खारिज करते हुए दावा किया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भ्रष्टाचार से नफरत है और वह पारर्दिशता में विश्वास करते हैं.

सत्यनारायण प्रधान ने कहा, ” दोषी पाए गए लोगों को निश्चित रूप से दंडित किया जाएगा क्योंकि हमारे मुख्यमंत्री हमेशा कहते हैं कि कानून अपना काम करेगा. ” देश की सबसे बड़ी शराब बनाने वाली और बिक्री करने वाली कंपनियों में शुमार ‘बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज’ के बोलांगीर कार्यालय पर छापेमारी के दौरान बृहस्पतिवार को लगभग 200 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए. बुधवार को सुंदरगढ़ शहर के सरगीपाली में कुछ घरों, कार्यालयों और शराब उत्पादन इकाई पर छापेमारी की गई थी.

आयकर विभाग की टीम ने भुवनेश्वर के पलासापल्ली में बौध शराब प्राइवेट लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय की भी तलाशी ली. इसके अलावा कंपनी के कुछ अधिकारियों के घरों, बौध स्थित कंपनी के कारखाना और कार्यालय तथा रानीसती राइस मिल में भी तलाशी ली गयी है.

आयकर विभाग के पूर्व आयुक्त शरत चंद्र दास ने कहा कि यह ओडिशा में आयकर विभाग द्वारा अब तक की सबसे बड़ी नकदी जब्ती हो सकती है. शरत चंद्र दास ने कहा, ” मैंने राज्य में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होते कभी नहीं देखी.” आयकर विभाग के महानिदेशक संजय बहादुर बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर पहुंच गए हैं और पूरे अभियान पर नजर रख रहे हैं. इस सिलसिले में अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu