जी-20 की अध्यक्षता करते हुए भारत शानदार काम कर रहा है : ब्रिटिश मंत्री

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Jun 2023 04:29 PM
जी-20 की अध्यक्षता करते हुए भारत शानदार काम कर रहा है : ब्रिटिश मंत्री
ऑडियो सुनें

पणजी/नयी दिल्ली. ब्रिटेन के एक मंत्री ने कहा है कि ब्रिटिश सरकार प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की जी-20 शिखर सम्मेलन के लिये सितंबर में नयी दिल्ली की यात्रा को लेकर आशान्वित है. ब्रिटेन के मीडिया, पर्यटन और रचनात्मक उद्योग के राज्य मंत्री सर जॉन व्हिटिंगडेल ने यह भी कहा कि इस प्रभावशाली समूह के अध्यक्ष के रूप में भारत ”शानदार काम” कर रहा है. व्हिटिंगडेल 22 जून को संपन्न हुए जी-20 पर्यटन मंत्री स्तरीय बैठक के लिए यहां गोवा में थे.

भारत ने एक दिसंबर, 2022 को जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की थी. समूह के विभिन्न मुद्दों पर देश भर में करीब 200 बैठकें की जाएंगी और शिखर सम्मेलन का समापन 9-10 सितंबर को होगा. जी-20 के अध्यक्ष के रूप में भारत की अब तक की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर ब्रिटेन के मंत्री ने देश की तारीफ की और उन कुछ वैश्विक चुनौतियों के बारे में भी बात की जिनका मानवजाति सामना कर रही है.

व्हिटिंगडेल ने गोवा में ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ साक्षात्कार में कहा, ”मैं समझता हूं कि भारत शानदार काम कर रहा है. यहां (गोवा में) जो बैठकें हमने की, वो शानदार तरीके से आयोजित की गई थीं. मैं जानता हूं कि ब्रिटिश सरकार में हमारे कुछ सहयोगी अन्य जगहों पर बैठकों में हिस्सा ले रहे हैं और जाहिर तौर पर हम इस साल के आखिर में अपने प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर आशान्वित हैं.” उन्होंने बताया कि सुनक जी-20 की बैठक में हिस्सा लेने के लिए भारत आएंगे.

ब्रिटेन के मालडॉन का प्रतिनिधित्व करने वाले कंजरवेटिव पार्टी के सांसद ने गोवा में 19-20 जून को जी-20 पर्यटन कार्य समूह की बैठक के बाद 21 जून को जी-20 पर्यटन मंत्री स्तरीय बैठक में हिस्सा लिया था. भारत के पर्यटन राज्य मंत्री एस. वाई. नाइक ने व्हिटिंगडेल के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की थी और इसे ”सार्थक” बताया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu