अफगानिस्तान के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफायर में भारत की नजरें तीन अंकों पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 08:19 PM
अफगानिस्तान के खिलाफ फीफा विश्व कप क्वालीफायर में भारत की नजरें तीन अंकों पर
ऑडियो सुनें

आभा. जैकसन सिंह और अनवर अली की वापसी से उत्साहित भारतीय फुटबॉल टीम बृहस्पतिवार को जब फीफा विश्व कप क्वालीफायर के मुकाबले में अफगानिस्तान का सामना करेगी तो उसकी नजरें तीसरे दौर में जगह बनाने पर लगी होंगी. मिडफील्ड में जैकसन और सेंटर बैक में अनवर चोट के कारण लंबे समय बाद वापसी कर रहे हैं. दूसरे दौर के प्रारंभिक संयुक्त क्वालीफिकेशन मैच में निचली रैंकिंग वाले प्रतिद्वंद्वी पर भारत का पलड़ा भारी रहने की उम्मीद है.

हालांकि मिडफील्डर सहल अब्दुल समद इस मैच में नहीं खेल पाएंगे. मंगलवार को अभ्यास सत्र के दौरान उनकी मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था. दो मैचों में एक जीत के तीन अंक के साथ भारत ग्रुप ए में फिलहाल दूसरे स्थान पर है. मौजूदा एशियाई चैम्पियन कतर दो जीत के साथ छह अंक लेकर शीर्ष पर है . वहीं दोनों मैच हार चुकी अफगानिस्तान टीम आखिरी स्थान पर है. कुवैत के खिलाफ जीत दर्ज करके इगोर स्टिमक की भारतीय टीम ने पहली बार तीसरे दौर में जाने की उम्मीदें जगाई है.

विश्व रैंकिंग में 158वें स्थान पर काबिज अफगानिस्तान को (घरेलू और बाहर मैच) हराने से 117वीं रैंकिंग वाली भारतीय टीम के नौ अंक हो जायेंगे . कतर की टीम कुवैत को अगले दो मैच में हरा देगी तो भारत के पास दूसरे स्थान पर पहुंचने का मौका होगा . भारत ने कुवैत को कुवैत सिटी में 1 . 0 से हराया था जबकि भुवनेश्वर में कुवैत ने 3 . 0 से जीत दर्ज की थी.

भारत और अफगानिस्तान के बीच 1949 में पहले मुकाबले के बाद से दोनों टीमें समय समय पर खेलती रही है. विश्व कप क्वालीफायर, एशियाई कप क्वालीफायर और अन्य उपमहाद्वीपीय तथा आमंत्रण टूर्नामेंटों में उनका सामना हुआ है. भारतीय आक्रमण की अगुवाई 39 वर्ष के सुनील छेत्री और मनवीर सिंह करेंगे . छेत्री ने अफगानिस्तान के खिलाफ आठ मैचों में चार गोल किये हैं . वहीं पिछले दो साल में जैकसन ने लगातार 17 मैच खेले हैं . उनकी कमी टीम को कतर में एशियाई कप के दौरान खली थी. वहीं अफगानिस्तान के कई प्रमुख खिलाड़ी अफगानिस्तान फुटबॉल महासंघ पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाने के बाद से टूर्नामेंट से बाहर हैं . अफगानिस्तान के 18 खिलाड़ियों ने कुवैत और कतर के खिलाफ क्वालीफायर नहीं खेले थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu