Lok Sabha Elections: मशहूर वकील उज्ज्वल निकम बने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से BJP प्रत्याशी, कसाब को दिलाई थी फांसी

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 27 Apr 2024 07:45 PM
Lok Sabha Elections: मशहूर वकील उज्ज्वल निकम बने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से BJP प्रत्याशी, कसाब को दिलाई थी फांसी
ऑडियो सुनें

Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से पूनम महाजन का टिकट काटा है और उज्ज्वल निकम को प्रत्याशी घोषित किया है। बता दें कि अजमल कसाब केस में उज्ज्वल निकम सरकारी वकील थे और उन्होंने ही कसाब को फांसी की सजा दिलवाई थी। निकम ने 26/11 हमले के अलावा मुंबई बम ब्लास्ट केस, गुलशन कुमार मर्डर केस, प्रमोद महाजन मर्डर केस, गेटवे ऑफ इंडिया ब्लास्ट जैसे कई केस लड़े हैं। महाराष्ट्र के जलगांव शहर के एक मराठा परिवार से ताल्लुक रखने वाले मशहूर वकील निकम को अब भाजपा ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।

पूनम महाजन ने मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दो बार हासिल की है जीत
बता दें कि मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से दिवंगत भाजपा नेता प्रमोद महाजन की बेटी पूनम महाजन ने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। वह भाजपा की युवा शाखा की पूर्व अध्यक्ष भी हैं। भाजपा के नेताओं ने दावा किया है कि महाजन को हटाने का निर्णय संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर लिया गया है। इस बात के संकेत पहले से मिल रहे थे कि पूनम महाजन को लेकर पार्टी हाईकमान कोई बड़ा फैसला ले सकता है।

कांग्रेस की तरफ से वर्षा गायकवाड़ मैदान में
उधर कांग्रेस ने अपनी शहर इकाई प्रमुख और धारावी विधायक वर्षा गायकवाड़ को मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से मैदान में उतारा है। बता दें कि मुंबई में पांचवें चरण के तहत 20 मई को मतदान होना है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news