महासमुंद जिले में एक शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। सरकारी स्कूल के प्रभारी प्राचार्य पर 9वीं कक्षा की छात्रा से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है।
जानकारी के मुताबिक घटना अछोला गांव स्थित सरकारी हाई स्कूल की है। आरोप है कि घटना के बाद प्रभारी प्राचार्य छात्रा के घर पहुंचे और मामले को दबाने की कोशिश की। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर तुमगांव पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल शनिवार को आधे दिन की छुट्टी के बाद स्कूल से कई छात्र-छात्राएं घर जा चुके थे। इसी दौरान प्रभारी प्राचार्य जीवनलाल देवांगन ने छात्रा को अपने कक्ष में बुलाया। आरोप है कि वहां उन्होंने छात्रा के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की।
उधर घटना के बाद डरी हुई छात्रा घर पहुंची और अपनी मां को पूरी बात बताई। छात्रा के परिजनों के मुताबिक, घटना के कुछ देर बाद प्रभारी प्राचार्य उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने मामले को दबाने की कोशिश की। इस दौरान छात्रा की मां ने शिक्षक को थप्पड़ मार दिए। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में शिक्षक का ब्रेथ एनालाइजर से अल्कोहल टेस्ट किए जाने की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ताओं का दावा है कि जांच के दौरान शिक्षक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।