भारत ने बांग्लादेश से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने का किया आग्रह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Nov 2024 07:37 PM
भारत ने बांग्लादेश से हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने का किया आग्रह

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. बांग्लादेश के चटगांव में भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट के बाद तनाव की खबरों के बीच भारत ने बृहस्पतिवार को ढाका से “चरमपंथी” तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और देश के हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया. यहां साप्ताहिक मीडिया वार्ता के दौरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चटगांव में हिंदू समुदाय के सदस्यों पर कथित हमले की निंदा की. उन्होंने कहा कि यह तनाव सोशल मीडिया पर “भड़काऊ पोस्ट” का परिणाम था. जायसवाल ने कहा कि भारत बांग्लादेश सरकार से ऐसे चरमपंथी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करता है.

”अमेरिका के साथ अपनी साझेदारी को और मजबूत करना चाहता है भारत”

अमेरिका में राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह वहां के लोगों के जनादेश की अभिव्यक्ति की सराहना करता है व साझेदारी को और मजबूत करना चाहता है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में यह बात कही.

एक दिन पहले ही डोनाल्ड ट्रंप ने ओवल ऑफिस के लिए दूसरा कार्यकाल हासिल कर उल्लेखनीय राजनीतिक वापसी की थी.
जायसवाल ने कहा कि भारत अमेरिका में जनादेश की इस अभिव्यक्ति की सराहना करता है. उन्होंने कहा, “हम अपनी साझेदारी को और मजबूत करना चाहते हैं.” विदेश मंत्रालय ने इससे पहले कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को टेलीफोन पर बातचीत में विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.

फोन पर हुई बातचीत पर एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि चुनाव में अमेरिकी नेता की “शानदार और उल्लेखनीय जीत” उनके नेतृत्व और दृष्टिकोण में अमेरिकी लोगों के “गहरे विश्वास” को दर्शाती है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी ने उन्हें “अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में पुन? निर्वाचित होने तथा कांग्रेस चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की सफलता” के लिए हार्दिक बधाई दी.

By Yogesh Kumar Sahu