भारत आतंकवाद के सामने घुटने नहीं टेकेगा: अमित शाह

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 04:54 PM
भारत आतंकवाद के सामने घुटने नहीं टेकेगा: अमित शाह
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि देश आतंकवाद के आगे घुटने नहीं टेकेगा और जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों की हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित करने के बाद उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा ‘‘भारी मन से, पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वालों को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

भारत आतंकवाद के आगे नहीं झुकेगा। इस नृशंस आतंकी हमले के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’ शाह ने यहां पुलिस नियंत्रण कक्ष में आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों के ताबूतों पर पुष्पांजलि अर्पित की।

गृह मंत्री ने बाद में हमले मारे गए लोगों के परिवारों और जीवित बचे अन्य लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने आश्वासन दिया कि सुरक्षा बल इस घातक हमले के दोषियों को सजा दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

शाह ने ‘मिनी स्विटजरलैंड’ कहलाने वाले पर्यटन स्थल बैसरन का भी दौरा किया, जहां 26 पर्यटकों की नृशंस हत्या की गई है। बाद में एक अन्य पोस्ट में गृह मंत्री ने कहा कि हर भारतीय उन लोगों का दर्द महसूस करता है जिन्होंने आतंकवादी हमले में अपने प्रियजनों को खो दिया है और इस दुख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा, “मैं इन सभी परिवारों और पूरे देश को आश्वस्त करता हूं कि निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले इन आतंकवादियों को बख्शा नहीं जाएगा।” शाह हमले के कुछ ही घंटों बाद मंगलवार रात को यहां पहुंचे और पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने उन्हें स्थिति के बारे में जानकारी दी।

गृह मंत्री ने एक सुरक्षा समीक्षा बैठक की भी अध्यक्षता की, जिसमें उपराज्यपाल भी शामिल हुए। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों ने हमला किया था, जिसमें कम से कम 26 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। इनमें ज्यादातर पर्यटक हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital