भारतीय रेलवे ने ट्रेन के पटरी से उतरने के मामले में ‘विश्व रिकॉर्ड’ बनाया : ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 09:37 PM
भारतीय रेलवे ने ट्रेन के पटरी से उतरने के मामले में ‘विश्व रिकॉर्ड’ बनाया : ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को भारतीय रेलवे पर तंज कसते हुए कहा कि उसने ट्रेन के पटरी से उतरने के मामले में “विश्व रिकॉर्ड” बना दिया है. ममता की यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में एक खाली मालगाड़ी के कुछ डिब्बों के पटरी से उतरने की घटना के कुछ घंटों बाद आई.

उन्होंने बीरभूम में एक समीक्षा बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, “रेलवे में हो क्या रहा है? आज भी ट्रेन के पटरी से उतरने की खबर आई है. रेलवे ने ट्रेन के पटरी से उतरने के मामले में विश्व रिकॉर्ड बना दिया है, लेकिन कोई कुछ नहीं कहता?” ममता ने कहा, “लोगों की सुरक्षा खतरे में है और वे ट्रेन से सफर करने से डर रहे हैं. रेल मंत्री कहां हैं? केवल चुनाव के दौरान वोट मांगने से काम नहीं चलेगा. जब लोग खतरे में हों, तो आपको उनके साथ खड़े होना होगा.” जलपाईगुड़ी जिले के न्यू मयनागुड़ी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक खाली मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 6.20 बजे हुई इस दुर्घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. दो बार रेल मंत्री का पदभार संभाल चुकीं ममता ने दावा किया कि उन्होंने विभाग को सुचारू रूप से चलाया और पश्चिम बंगाल के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी दी. उन्होंने कहा, “रेल मंत्री के रूप में मैंने बंगाल के लिए दो लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी थी.” रेलवे ने एक हालिया रिपोर्ट में बताया था कि अगस्त के बाद से देश भर में ट्रेन को पटरी से उतारने की 18 कोशिशें हुईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu