इजराइल के राजदूत अजार ने पहलगाम हमले की तुलना हमास के सात अक्टूबर के हमले से की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Apr 2025 08:24 PM
इजराइल के राजदूत अजार ने पहलगाम हमले की तुलना हमास के सात अक्टूबर के हमले से की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत में इजराइल के राजदूत रियुवेन अजार ने बृहस्पतिवार को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की तुलना सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हमास के हमले से की, जिसमें नागरिकों को निशाना बनाया गया था. उन्होंने दोनों हमलों में समानताएं बताईं और आतंकवादी समूहों के बीच बढ.ते समन्वय को लेकर आगाह किया. इजराइल में हमास द्वारा किए गए हमले में 1,100 से अधिक लोगों की मौत के मामले का जिक्र करते हुए अजार ने दोनों मामलों में निहत्थे नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाए जाने की ओर इशारा किया. उनकी यह टिप्पणी मंगलवार दोपहर को दक्षिण कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा किए गए हमले को लेकर आई है, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकतर अन्य राज्यों से आए पर्यटक थे.

अजार ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ”दुर्भाग्य से, हमें यह स्वीकार करना होगा कि ये आतंकवादी समूह एक-दूसरे को प्रेरित कर रहे हैं. पहलगाम हमले और सात अक्टूबर (2023) को इजराइल में जो हुआ, उसके बीच समानताएं हैं. निर्दोष पर्यटक पहलगाम में अपनी छुट्टियों का आनंद ले रहे थे, जबकि इजराइल में लोग एक संगीत समारोह का लुत्फ उठा रहे थे.” राजदूत ने पहलगाम हमले के समय को हमास नेताओं की हाल की पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) की यात्रा से भी जोड़ा, जहां उन्होंने कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद के गुर्गों और कुछ अन्य लोगों से मुलाकात की, जिससे संभावित समन्वय का संकेत मिलता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu