इजराइली बलों ने उत्तरी गाजा को दक्षिण से अलग किया, फलस्तीनी मृतकों की संख्या हुई 10 हजार से अधिक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 09:49 PM
इजराइली बलों ने उत्तरी गाजा को दक्षिण से अलग किया, फलस्तीनी मृतकों की संख्या हुई 10 हजार से अधिक
ऑडियो सुनें

दीर अल बलाह. इजराइली सेना ने बीती रात हमास शासित गाजा के उत्तरी हिस्से को दक्षिणी हिस्से से अलग करके ताबड़तोड़ हवाई हमले किए. इस बीच, एक महीने से जारी युद्ध में मारे गए फलस्तीनी लोगों की कुल संख्या 10 हजार से अधिक हो गई. घनी आबादी वाले गाजा शहर में इजराइली सैनिकों की जमीनी कार्रवाई के चलते इससे भी अधिक खूनी दौर शुरू होने की आशंका है.

फलस्तीनियों ने एक दिन पहले दक्षिण गाजा में हुए हमलों में मारे गए दर्जनों लोगों का सामूहिक अंतिम संस्कार किया इजराइली मीडिया ने कहा कि सैनिक जल्द ही गाजा शहर में दाखिल हो सकते हैं और शहरी इलाकों में लड़ाई छिड़ने से मृतकों की संख्या बढ़ सकती है. इजराइल में 1,400 से अधिक लोगों की मौत हुई है. इनमें से अधिकतर लोगों की मौत सात अक्टूबर को हमास के शुरुआती हमले में हुई. इसी हमले के बाद से यह युद्ध शुरू हुआ है.

इजराइली सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल रिचर्ड हेच ने कहा, ह्लहम उनके करीब पहुंच रहे हैं. हमने घेराबंदी पूरी कर ली है और हमास के गढ़ गाजा को उत्तर और दक्षिण में विभाजित कर दिया है.ह्व सेना ने सोमवार को कहा कि विमानों ने रात भर 450 लक्ष्यों पर हमला किया और जमीनी कार्रवाई में शामिल सैनिकों ने हमास के एक परिसर को अपने कब्जे में कर लिया है.

सेना के अनुसार, गाजा शहर और उत्तर के अन्य हिस्सों में रहने वाले हजारों फलस्तीनियों के लिए दक्षिण की ओर जाने के लिए एक-तरफ से गलियारा खुला हुआ है. इन हमलों में गाजा में 15 लाख से अधिक फलस्तीनी विस्थापित हुए हैं. इसके अलावा गाजा में कम से कम 241 लोगों को बंधक बनाया गया है. गाजा में लोग भोजन, दवाइयों, ईंधन और पानी की कमी से जूझ रहे हैं और उन्हें पर्याप्त मानवीय मदद नहीं पहुंच पा रही.

हमलों के खिलाफ प्रदर्शनों और इसे रोके जाने की अपीलों के बावजूद इजराइल ने हमास के लड़ाकों और उनकी संपत्तियों को नष्ट करने के लक्ष्य से पूरे गाजा में बमबारी जारी रखी है. इजराइल ने हमास पर आम नागरिकों का मानवीय ढाल के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है.

अमेरिका ने आम नागरिकों को राहत देने के लिए इजराइल से कुछ वक्त के लिए हमले रोकने की अपील की थी, लेकिन इजराइल का कहना है कि वह गाजा में हमास शासकों को कुचलने के लिए अपने हमले जारी रखेगा. इजराइल का कहना है कि जब तक हमास बंधकों को रिहा नहीं कर देता, तब तक हमले जारी रहेंगे.

इजराइल-हमास युद्ध में हजारों फलस्तीनी नागरिकों की मौत की निंदा कर रहे अरब नेताओं ने शनिवार को तत्काल संघर्ष-विराम पर जोर दिया, जबकि अमेरिका के विदेश मंत्री ने आगाह किया कि ऐसा कदम प्रतिकूल होगा तथा इससे आतंकवादी समूह को और हिंसा करने के लिए बढ़ावा मिलेगा.

पुलिस और घटनास्थल पर मौजूद ‘द एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार के अनुसार, बढ़ती अशांति के बीच एक फलस्तीनी व्यक्ति ने पूर्वी यरुशलम में इजराइल के अर्धसैनिक सीमा पुलिस के दो सदस्यों को चाकू मारकर घायल कर दिया, जिसके बाद इजराइली बलों ने उसे गोली मार दी. इजराइल ने 1967 के युद्ध में गाजा और वेस्ट बैंक के साथ पूर्वी यरुशलम पर भी कब्जा कर लिया था.

जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने सोमवार तड़के बताया कि उनके देश के एक सैन्य मालवाहक विमान ने उत्तरी गाजा के एक अस्पताल में चिकित्सा सहायता पहुंचाई. ऐसा प्रतीत होता है कि गाजा में पहली बार विमान के जरिए मदद मुहैया कराई गई है. अभी तक गाजा के साथ लगती मिस्र की सीमा के जरिए जमीनी मार्ग से ही मदद उपलब्ध कराई जा रही थी.

उत्तरी गाजा में स्थिति गंभीर बनी हुई है और लगभग 8,00,000 लोगों ने दक्षिणी गाजा जाने के इजराइली सैन्य आदेशों का पालन किया. बहरहाल, इजराइल ने तथाकथित सुरक्षित क्षेत्र मध्य और दक्षिणी गाजा में भी रविवार को हमले किए, जिनमें कम से कम 53 लोग मारे गए.

इजराइली सेना ने रविवार देर रात कहा कि उसने हमास के खिलाफ जारी युद्ध के तहत गाजा सिटी की घेराबंदी कर तटीय पट्टी को दो भागों में विभाजित कर दिया है. इजराइली सेना के रियर एडमिरल डेनियल हैगारी ने संवाददाताओं से कहा, ”अब उत्तर गाजा और दक्षिण गाजा को विभाजित कर दिया गया है.” उन्होंने इसे गाजा पर शासन कर रहे हमास के आतंकवादियों के खिलाफ इजराइल के युद्ध में ”अहम चरण” बताया. उत्तरी गाजा में रात भर विस्फोट जारी रहे.

गाजा में रविवार को तीसरी बार संचार सेवा फिर से ठप हो गई. इंटरनेट तक पहुंच का समर्थन करने वाले समूह ‘नेटब्लॉक्सडॉटओआरजी’ ने गाजा में ”कनेक्टिविटी” (संचार सेवा) ठप होने की जानकारी दी और फलस्तीनी दूरसंचार कंपनी ‘पालटेल’ ने भी इसकी सूचना दी. संचार सेवा ठप हो जाने के कारण सैन्य अभियान के नए चरण की जानकारी लोगों तक पहुंचाना जटिल हो गया है.

इससे पूर्व भी गाजा में पहले 36 घंटे और दूसरी बार कुछ घंटे संचार सेवा ठप रही थी. ‘नेटब्लॉक्स’ और ‘पालटेल’ ने बताया कि मोबाइल एवं इंटरनेट सेवा सोमवार को बहाल हो गईं. इससे पहले, इजराइल के युद्धक विमानों ने मध्य गाजा पट्टी में रविवार को दो शरणार्थी शिविरों पर हमला किया, जिसमें कम से कम 53 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए. गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

मध्य गाजा के ब्यूरिज शरणार्थी शिविर में एक स्कूल के पास एक मकान पर भी हवाई हमला किया गया. अल-अक्सा अस्पताल के कर्मचारियों ने बताया कि इस हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई. इस शिविर पर बृहस्पतिवार को भी हमला हुआ था.
इजराइल-हमास संघर्ष पर अपनी पश्चिम एशिया कूटनीति के तहत अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने रविवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक के रामल्ला का दौरा किया और फलस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास से मुलाकात की.

इजराइल में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद, ब्लिंकन ने शनिवार को जॉर्डन में अरब देशों के विदेश मंत्रियों से मुलाकात की. नेतन्याहू ने जोर देकर कहा कि जब तक हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी बंधकों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक कोई अस्थायी संघर्ष-विराम नहीं हो सकता.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu