‘ग्रोइन’ और कमर में खिंचाव की शिकायत के बाद अय्यर के अंतिम तीन टेस्ट में चुनने की संभावना नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 09 Feb 2024 08:18 PM
‘ग्रोइन’ और कमर में खिंचाव की शिकायत के बाद अय्यर के अंतिम तीन टेस्ट में चुनने की संभावना नहीं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. श्रेयस अय्यर के कमर और ‘ग्रोइन’ में खिंचाव की शिकायत के बाद उनके इंग्लैंड के खिलाफ बची हुई टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में चुने जाने की संभावना नहीं है. अय्यर को पीठ में लगातार परेशानी हो रही है जिसके लिए उन्होंने पिछले साल सर्जरी भी करायी थी. अय्यर (29 वर्ष) ने हैदराबाद और विशाखापत्तनम में पहले दो टेस्ट में 35, 13, 27 और 29 रन की पारी खेली थी. वह अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाये थे.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ”उन्होंने खिंचाव और कमर में दर्द की शिकायत की है तथा उनके श्रृंखला के बचे हुए हिस्से में खेलने की संभावना नहीं है.” भारत पहले ही चोटों की समस्या से जूझ रहा है क्योंकि उसके मुख्य खिलाड़ी केएल राहुल और रविंद्र जडेजा चोटिल हैं. स्टार बल्लेबाज विराट कोहली निजी कारणों से पहले दो टेस्ट में नहीं खेल पाये थे और उनके राजकोट और रांची में होने वाले मुकाबलों के लिए भी उपलब्ध होने की संभावना नहीं है.

भारतीय चयनकर्ताओं को अभी अंतिम तीन टेस्ट के लिए टीम की घोषणा करनी है और वे जडेजा की फिटनेस पर स्पष्टता के बाद ही ऐसा करेंगे. आल राउंडर जडेजा को इसके लिए बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में फिटनेस जांच में पास होना होगा. वह हैम्ट्रिरंग चोट की वजह से विशाखापत्तनम टेस्ट में नहीं खेल पाये थे जबकि राहुल ने दर्द की शिकायत की थी.

अगर जडेजा और राहुल दोनों अंतिम एकादश में वापसी करते हैं तो अय्यर की चोट से रजत पाटीदार को एक और मौका मिल सकता है. पाटीदार विशाखापत्तनम में टेस्ट पदार्पण के दौरान प्रभावित नहीं कर सके थे. पांच मैच की श्रृंखला अभी 1-1 की बराबरी पर है. भारतीय खिलाड़ी 11 फरवरी को राजकोट पहुंचेंगे और इंग्लैंड के एक दिन बाद वहां पहुंचने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu