जम्मू-कश्मीर: रियासी में एक विदेशी आतंकी का शव मिला, हथगोले और गोला-बारूद बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 18 Aug 2023 08:34 PM
जम्मू-कश्मीर: रियासी में एक विदेशी आतंकी का शव मिला, हथगोले और गोला-बारूद बरामद
ऑडियो सुनें

जम्मू/श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में इस महीने की शुरुआत में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ एक विदेशी आतंकवादी शुक्रवार को मृत पाया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. राजौरी जिले के खवास इलाके में पांच अगस्त को हुई गोलीबारी में एक आतंकवादी मारा गया था, जबकि एक घायल हो गया था. मुठभेड़ के बाद घायल आतंकी का पता नहीं चल सका था.

जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश सिंह ने बताया, ”खवास मुठभेड़ में घायल हुए आतंकवादी का शव विशेष अभियान समूह (एसओजी) द्वारा रियासी के ढाकीकोट इलाके में ढूंढा गया.” सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर दो ग्रेनेड, एके राइफल की तीन मैगजीन, 90 गोलियां, पिस्तौल की 32 गोलियां और कुछ अन्य सामग्री बरामद की गई.

एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पांच अगस्त को गुंधा खवास इलाके में पुलिस के साथ दो पाकिस्तानी आतंकवादियों की मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आतंकवादी मारा गया और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था. उन्होंने बताया कि रियासी और राजौरी पुलिस सहित विभिन्न बलों का एक संयुक्त दल मुठभेड़ के दौरान घायल दूसरे आतंकवादी की तलाश में था, जो घने पत्तों का फायदा उठाकर घटनास्थल से फरार हो गया था.

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस, सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) सहित बलों की संयुक्त टुकड़ियों ने शुक्रवार सुबह आतंकवादी का शव एक घाटी से बरामद किया, जहां वह सुरक्षाबलों से बचने की कोशिश करते समय गिर गया था. उन्होंने बताया कि इस आतंकवादी पर राजौरी-पुंछ क्षेत्र में कई आतंकी मामलों में शामिल होने का संदेह है, जिनमें हाल ही में केसरी हिल में सुरक्षा बलों पर हुए हमले और ढांगरी की आतंकवादी घटना भी शामिल है.

लद्दाख के करगिल में धमाका : दो लोगों की मौत, 11 घायल

लद्दाख के करगिल जिले में शुक्रवार को एक कबाड़ी की दुकान के अंदर संदिग्ध वस्तु में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि द्रास के कबाड़ी नाला इलाके में एक कबाड़ी की दुकान के अंदर एक संदिग्ध वस्तु में विस्फोट हो गया. अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में एक गैर स्थानीय समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हुए हैं. उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu