जेनिफर लोपेज और बेन एफ्लेक के बीच तलाक को लेकर सहमति बनी, न्यायाधीश से मंजूरी का अनुरोध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Jan 2025 08:03 PM
जेनिफर लोपेज और बेन एफ्लेक के बीच तलाक को लेकर सहमति बनी, न्यायाधीश से मंजूरी का अनुरोध
ऑडियो सुनें

लॉस एंजिलिस. अमेरिकी अभिनेत्री, गायिका एवं फिल्म निर्माता जेनिफर लोपेज और अभिनेता बेन एफ्लेक के बीच तलाक को लेकर सहमति बन गई है और दोनों ने न्यायाधीश से उनके तलाक को मंजूरी देने का अनुरोध किया है. लोपेज ने सोमवार को लॉस एंजिलिस सुपीरियर कोर्ट में दस्तावेज दाखिल किए जिनसे पता चलता है कि दंपति ने तलाक के लिए आवेदन करने के लगभग एक महीने बाद सितंबर में मध्यस्थता के माध्यम से अपने तलाक का निपटारा कर लिया था.

हालांकि, ज्यादातर वित्तीय विवरण सार्वजनिक रूप से दर्ज नहीं किए गए लेकिन लोपेज या एफ्लेक में से कोई भी एक-दूसरे को भरण-पोषण नहीं देगा. तलाक होने के बाद लोपेज अपने कानूनी नाम से एफ्लेक शब्द हटा देंगी. इस सुपरस्टार जोड़ी ने जुलाई 2022 में विवाह किया था. लोपेज ने अगस्त 2024 में तलाक के लिए अर्जी दी थी. हालांकि पूर्व दंपति ने अदालत में दायर दस्तावेजों में कहा है कि वे अप्रैल 2023 में अलग हो जाएंगे.

2000 के दशक की शुरुआत में मुलाकात, प्यार और सगाई के बाद इस जोड़े ने अलग होने का फैसला किया. दोनों ने 2003 की ‘गिगली’ और 2004 की ‘जर्सी गर्ल’ में एक साथ अभिनय किया था. हालांकि दो दशक बाद वे फिर मिले और शादी कर ली. सोमवार को दाखिल किए गए रिकॉर्ड से पता चलता है कि इस जोड़े ने अपने तलाक के वित्तीय पहलुओं को मध्यस्थता के माध्यम से सुलझा लिया है तथा इसके लिए उन्हें अदालत में लंबी कार्यवाही नहीं करनी पड़ी.

इस जोड़े की कोई संतान नहीं है. एफ्लेक ने 2018 में जेनिफर गार्नर से तलाक लिया था, जिनसे उनके तीन बच्चे हैं. लोपेज की चार बार शादी हो चुकी है और गायक मार्क एंथोनी से उनके जुड़वां बच्चे हैं. समझौते के दस्तावेजों की जानकारी सबसे पहले सेलिब्रिटी वेबसाइट ‘टीएमजेड’ ने दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu