झारखंड: भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 01 Jun 2024 03:49 PM
झारखंड: भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

दुमका: झारखंड की दुमका लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उम्मीदवार सीता सोरेन ने शनिवार को मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया और निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान की मांग की। जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी और भाजपा उम्मीदवार सीता सोरेन ने दावा किया कि मतदान प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही है।

सीता ने कहा, ‘‘मैंने दुमका शहरी क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया और वहां मतदान प्रक्रिया में अनियमितताएं पाईं। मैंने इस संबंध में उपायुक्त को सूचित कर दिया है।’’ उन्होंने कहा कि वहां बिना अनुभव वाले बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को तैनात किया गया है जिसके कारण मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘यह देरी जानबूझकर की जा रही है। मैं निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर यहां मतदान रद्द करने और पुनर्मतदान कराने के लिए कहूंगी।’’ सीता ने बूथ संख्या 44 और 45 पर मतदान प्रक्रिया में देरी के बारे में मतदाताओं से शिकायतें मिलने के बाद यह मुद्दा उठाया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के रवि कुमार ने उनके आरोपों का खंडन किया और कहा कि तीन लोकसभा क्षेत्रों – दुमका, राजमहल और गोड्डा में मतदान सुचारू रूप से जारी है। कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यदि सुबह 11 बजे तक हुए मतदान को शामिल किया जाए तो दुमका में 29.24 प्रतिशत, गोड्डा में 29.39 प्रतिशत और राजमहल में 30.04 प्रतिशत मतदान हुआ है।

दुमका लोकसभा सीट के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्र आते हैं। पूर्वाह्न 11 बजे तक छह विधानसभा क्षेत्रों में से जामा में 30.12 प्रतिशत, दुमका में 28.02, जामताड़ा में 26.41, नाला में 30.62 , सारठ में 30.31 और शिकारीपाड़ा में 30.71 प्रतिशत मतदान हुआ है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav