हिमाचल आपदा कोष में दान करने की कंगना की ’50-60 कोशिश नाकाम’, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

शिमला. बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश आपदा राहत कोष में ऑनलाइन माध्यम से दान करने की “50-60” कोशिशें की, जो नाकाम रहीं. रनौत ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह आपदा राहत कोष भी ठीक से नहीं संभाल पा रही.

उन्होंने बृहस्पतिवार रात ‘एक्स’ पर लिखा, “बहुत शर्म की बात है.” हिमाचल प्रदेश की मूल निवासी रनौत हालांकि पांच लाख रुपये दान कर पाईँ और उन्होंने एक ‘स्क्रीनशॉट’ (तस्वीर) साझा करके इस बारे में जानकारी दी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यालय ने रनौत के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि हो सकता है कि तकनीकी समस्या के चलते ऐसा हुआ हो.

रनौत ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा, ”हिमाचल बाढ. आपदा के सिलसिले में दान करने का प्रयास कर रहीं हूं, लेकिन सरकार आपदा राहत कोष भी ठीक से नहीं संभाल पा रही, कितनी शर्म की बात है, पूरे दिन 50-60 से ज्यादा बार प्रयास करने के बाद भी कुछ राशि ही दान कर सकी.” मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, ”हम कंगना के ट्वीट पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते. लोगों ने राज्य आपदा राहत कोष में 200 करोड़ रुपये से अधिक का दान दिया है, जिसका एक हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से दान किया गया और ऐसी कोई समस्या हमारे संज्ञान में नहीं आई है.”

उन्होंने कहा, “अगर कोई तकनीकी गड़बड़ी है तो उसे हल किया जा सकता है. सभी क्षेत्रों के लोगों और यहां तक ??कि राज्य सरकारों ने भी कोष में योगदान किया है, जिसका उपयोग राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किया जा रहा है.” पिछले महीने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने राज्य के आपदा राहत कोष में 25 लाख रुपये दान किए थे.

असम, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ. की सरकारों ने राहत एवं पुनर्वास में मदद के लिए कुल 80 करोड़ रुपये से अधिक दान किया है. मंदिर ट्रस्ट, गैर-सरकारी संगठन और अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं.

हिमाचल में 24 जून को मानसून शुरू होने के बाद जुलाई और अगस्त में भारी बारिश से सड़कों, जल आपूर्ति परियोजनाओं और घरों को भारी नुकसान हुआ. राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई. सुक्खू ने दावा किया है कि राज्य को करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है. राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 4,500 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है.

Related Articles

Back to top button