कर्नाटक: छात्र को पीटने, कमरे में बंद करने के आरोप में निजी विद्यालय के खिलाफ प्राथमिकी

बेंगलुरु. बेंगलुरु पुलिस ने कक्षा पांच के एक छात्र की कथित तौर पर पिटाई करने और उसे एक कमरे में बंद करने के आरोप में एक निजी विद्यालय के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर को मगदी रोड के सुनकादकट्टे स्थित स्कूल में घटी. पुलिस के अनुसार, लड़के की मां ने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य राकेश कुमार और शिक्षिका चंद्रिका ने उनके बेटे की एक पीवीसी पाइप से पिटाई की और देर शाम तक एक कमरे में बंद रखा.

पुलिस ने प्रधानाचार्य से पूछताछ की और बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि प्रधानाचार्य ने कथित तौर पर अनियमित उपस्थिति को लेकर बच्चे की पिटाई किए जाने की बात स्वीकार की. इसी तरह की एक घटना में, चित्रदुर्ग जिले के नायकनहट्टी गांव में एक पारंपरिक ‘पाठशाला’ में एक शिक्षक ने एक छात्र की दादी से फोन पर बात करने के लिए पिटाई कर दी.

एक वीडियो में शिक्षक पांचवीं कक्षा के एक छात्र को लात मारता और पिटाई करते दिखाई दे रहा है. शिक्षक की पहचान वीरेश हिरेमठ के रूप में हुई है पुलिस ने उसे कलबुर्गी में गिरफ्तार किया है, जहां वह कार्रवाई के डर से भाग गया था. घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कर्नाटक की महिला और बाल विकास मंत्री लक्ष्मी हेब्बालकर ने कहा कि उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि इस जघन्य कृत्य में शामिल शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा, ”शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button