कर्नाटक के मंत्री ने सिद्धरमैया से कहा, अंडमान जेल जाएं और सावरकर के इतिहास के बारे में जानें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Aug 2022 09:04 PM
कर्नाटक के मंत्री ने सिद्धरमैया से कहा, अंडमान जेल जाएं और सावरकर के इतिहास के बारे में जानें
ऑडियो सुनें

उडुपी/करवार. कांग्रेस नेता सिद्धरमैया की ‘मुस्लिम क्षेत्र’ टिप्पणी और हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर के खिलाफ उनके बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने उन पर शुक्रवार को भी निशाना साधा. कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री वी सुनील कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को अंडमान की सेल्युलर जेल का दौरा करने और आजादी के आंदोलन में सावरकर के योगदान के बारे में जानने की सलाह दी.

कुमार ने उडुपी में कहा, ‘‘भारत के स्वतंत्रता संग्राम में सावरकर के योगदान के लिए उन्हें वीर सावरकर के रूप में जाना जाता है. सिद्धरमैया सावरकर को इसलिए कमतर करके आंक रहे हैं, क्योंकि वह इतिहास के बारे में पूरी तरह से नहीं जानते. अगर वह इतिहास से पूरी तरह से वाकिफ होते तो वह इस तरह से नहीं बोलते.’’

भाजपा नेता कुमार ने कहा, ‘‘मैं उनसे अंडमान की सेल्युलर जेल की यात्रा करने का आग्रह करता हूं. अगर आप उस जेल को देखेंगे तो आपकी आंखों में आंसू आ जाएंगे, आप भारतीयों के संघर्ष और अंग्रेजों की क्रूरता को समझ पाएंगे. अगर आपके पास समय है तो जेल काा दौरा करें और फिर सावरकर के बारे में बोलें.’’ कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया ने मंगलवार को भाजपा पर जिला मुख्यालय शिवमोगा में 15 अगस्त को सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का आरोप लगाते हुए मुस्लिम बहुल इलाके में सावरकर की तस्वीर लगाने के प्रयासों पर सवाल उठाया था.

कांग्रेस नेता ने कहा था, ‘‘उन्होंने मुस्लिम बहुल इलाके में सावरकर की फोटो लगाने की कोशिश की. उन्हें कोई भी फोटो लगाने दें, कोई बात नहीं. लेकिन, मुस्लिम बहुल क्षेत्र में ऐसा क्यों? और उन्होंने टीपू सुल्तान की तस्वीर को ‘न’ क्यों कहा?’’ इस टिप्पणी के बाद हिंदू संगठनों और भाजपा ने उनके खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिए. सिद्धरमैया के बृहस्पतिवार को कोडागु की यात्रा के दौरान उनके खिलाफ प्रदर्शन किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu