
नयी दिल्ली/चंडीगढ. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों से राज्य में तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार का प्रभावी ढंग से मुकाबला करने और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव जीतने की दिशा में काम करने को कहा. पश्चिम बंगाल के भाजपा सांसदों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात की, उनके साथ मालदा उत्तर से लोकसभा सदस्य खगेन मुर्मू भी थे, जिन पर अक्टूबर में भीड़ ने हमला किया था.
मोदी ने मुर्मू का हालचाल पूछा और राज्य के भाजपा सदस्यों से कहा कि वे राज्य में लोकतंत्र बचाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार का मुकाबला करें. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया, “प्रधानमंत्री ने हमसे कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार से लड़ते रहें. हम इस सरकार को हटा देंगे. प्रधानमंत्री ने हमसे कहा कि हमें ये चुनाव जीतना है और हम चुनाव जीतेंगे.” दार्जिलिंग के सांसद राजू बिस्टा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण और अथक प्रयासों की प्रशंसा की तथा जन संपर्क में उनकी भूमिका और जरूरत के समय राज्य के लोगों के साथ खड़े रहने पर प्रकाश डाला.
बिस्टा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “उन्होंने हमें नए जोश के साथ सकारात्मक कार्य जारी रखने और राज्य भर में प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचने की दिशा में और कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित किया है.” बिहार में भाजपा-जद(यू) गठबंधन की भारी जीत के बाद, भाजपा अगले साल पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों की तैयारी में जुट गई है.
पश्चिम बंगाल में ममता के राज में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है, महिलाएं परेशान हैं : सैनी
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में पहले, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वहां हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है और महिलाएं परेशान हैं.
सैनी ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (तृकां) सरकार एक खास तबके को खुश करने पर अपना ध्यान केंद्रित कर रही है. उन्होंने यह भी सवाल किया कि कितने ”बाहरी लोगों के वोट” जोड़े गए हैं, और पूछा कि क्या यही वजह है कि राज्य में मतदाता सूची के गहन पुनरीद्वक्षण का (एसआईआर) का विरोध किया जा रहा है. सैनी हरियाणा सरकार की ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत योग्य महिलाओं को दूसरी किस्त जारी करने के बाद यहां संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे . उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद राज्य में महिलाएं परेशान हैं.
उन्होंने कहा, ”… और वहां महिलाओं की क्या हालत है? एक महिला मुख्यमंत्री के राज में, महिलाएं परेशान हैं, बेटियां बाहर नहीं जा सकतीं.” प्रदेश में हिंदू समुदाय के लोगों को निशाना बनाये जाने का आरोप लगाते हुये सैनी ने दावा किया कि ममता अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों को पूरा करने के बजाय ”लोगों के एक खास वर्ग” पर ध्यान देकर भेदभाव एवं वोट बैंक की राजनीति कर रही हैं .” उन्होंने कहा, ”और वहां हिंदुओं को कैसे निशाना बनाया जा रहा है, यह सब आपके सामने है; यह दुर्भाग्यपूर्ण है. ऐसा नहीं होना चाहिए.” सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई सभी योजनाएं ‘140 करोड़ भारतीयों की पूरी भलाई को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं.”
उन्होंने कहा कि इन कोशिशों का मकसद आम लोगों की ज.दिंगी को आसान बनाना और फ.ायदे सीधे पहुँचाना है. हरियाणा के मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उनकी पार्टी भाजपा काम करती है, जबकि विरोधी पार्टियां केवल बड़े-बड़े वादे करती हैं, उन्हें उन्हें पूरा नहीं करतीं. हरियाणा के मुख्यमंत्री ने जुलाई में भी पश्चिम बंगाल सरकार पर निशाना साधा था.



