आरसीबी पर केकेआर की रोमांचक जीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Apr 2024 08:23 PM
आरसीबी पर केकेआर की रोमांचक जीत
ऑडियो सुनें

कोलकाता.फिल सॉल्ट और कप्तान श्रेयस अय्यर की शानदार बल्लेबाजी के बाद आंद्रे रसेल (25 रन देकर तीन विकेट) की अगुवाई में दबाव में गेंदबाजों के अच्छे प्रदर्शन से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के रोमांचक मुकाबले में रविवार को यहां रॉयल  चैलेंजर्स बेंगलोर को एक रन से शिकस्त दी. सॉल्ट ने 14 गेंद में सात चौके और तीन छक्के की मदद से 48 रन बनाये तो वहीं अय्यर ने 36 गेंद में 50 रन की पारी के दौरान सात चौके और एक छक्का लगाया जिससे केकेआर ने सात विकेट पर 222 रन बनाये. आरसीबी की पारी मैच के आखिरी गेंद पर 221 रन पर सिमट गयी.

विल जैक्स (32 गेंद में 55 रन) और रजत पाटीदार (23 गेंद में 52 रन) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 102 रन की साझेदारी के दम पर आरसीबी ने पलटवार किया था लेकिन टीम ने 12वें और 13वें ओवर के अंदर चार विकेट गंवा दिये.

आखिरी ओवर में आरसीबी को जीत के लिए दो विकेट रहते 21 रन की जरूरत थी और कर्ण शर्मा ने मिचेल स्टार्क की शुरुआती चार गेंद पर तीन छक्के लगाकर रोमांच बढ.ा दिया. वह पांचवीं गेंद पर गेंदबाज को कैच देकर आउट हुए और आखिरी गेंद पर लॉकी फग्र्यूसन दूसरा रन चुराने की कोशिश में रन आउट हो गये जिससे टीम लक्ष्य के करीब पहुंच कर चूक गयी. केकेआर के लिए आंद्रे रसेल ने 25 रन देकर तीन विकेट लिये जबकि सुनील नारायण और र्हिषत राणा को दो-दो सफलता मिली. वरुण चक्रवर्ती और स्टार्क ने एक-एक विकेट चटकाये. मौजूदा आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी स्टार्क ने अपने तीन ओवर में 55 रन लुटाये.

लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली ने र्हिषत राणा और मिचेल स्टार्क पर छक्के के साथ शुरुआती दो ओवरों में आरसीबी को तेज शुरुआत दिलायी. कोहली तीसरे ओवर में र्हिषत की फुलटॉस गेंद का काबू नहीं नहीं रख सके और गेंदबाज को कैच दे बैठे. उन्होंने फुलटॉस गेंद कमर से ऊपर होने का दावा करते हुए रिव्यू लिया लेकिन तीसरे अंपायर का तर्क था कि कोहली क्रीज से बाहर थे और गेंद नीचे की ओर जा रही थी. कोहली हालांकि तीसरे अंपायर के फैसले से खफा दिखे और उन्होंने क्रीज छोड़ने से पहले मैदानी अंपायरों से बहस भी की. उन्होंने मैदान से बाहर निकलने के बाद बल्ला पटक कर अपनी नाराजगी जाहिर की. इसी ओवर में राणा ने कप्तान फाफ डुप्लेसी को भी चलता किया. क्रीज पर आये जैक्स ने इसके बाद स्टार्क के खिलाफ तीन छक्के लगाये जिससे पावर प्ले में आरसीबी का स्कोर दो विकेट पर 75 रन हो गया.

जैक्स ने चक्रवर्ती के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर 29 गेंद में अपना अर्धशतक और टीम का शतक पूरा किया. दूसरे छोर से रजत पाटीदार ने इंपैक्ट प्लेयर सुयश शर्मा के खिलाफ 10वें ओवर में दो छक्के और दो चौके लगाकर रनगति को तेज करने के बाद अगले ओवर में नारायण खिलाफ दो छक्के के साथ महज 21 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया. रसेल ने चार गेंद के अंदर जैक्स और पाटीदार को पवेलियन की राह दिखाकर मैच में केकेआर की वापसी करायी तो वही अगले ओवर में नारायण ने ग्रीन (छह रन) और महिपाल लोमरोर (चार रन) को चलता कर शिकंजा कस दिया.

दो ओवर में चार विकेट गंवाने के बाद अपना 250वां आईपीएल खेल रहे दिनेश कार्तिक (25) और इंपैक्ट प्लेयर सुयश प्रभुदेसाई ने संभल कर बल्लेबाजी करते हुए कुछ बाउंड्री लगाई. र्हिषत ने 18वें ओवर में प्रभुदेसाई की 18 गेंद में 24 रन की पारी को खत्म किया.
कार्तिक ने 19वें ओवर में रसेल के खिलाफ छक्का और चौका जड़ा लेकिन उनके आउट होते ही आरसीबी की उम्मीदें लगभग टूट गयी लेकिन कर्ण ने आखिरी ओवर में तीन छक्के लगाकर केकेआर को परेशान किया. वह हालांकि टीम को जीत नहीं दिला सके.

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद सॉल्ट और सुनील नारायण (10) ने एक बार फिर टीम को तूफानी शुरुआत दिलाते हुए चार ओवर में 55 रन जोड़ दिये. इस दौरान सॉल्ट ज्यादा आक्रामक दिखे. उन्होंने पहले ओवर में सिराज का छक्के से स्वागत करने के बाद चौथे ओवर में फग्र्यूसन के खिलाफ दो छक्के और चार चौके की मदद से 28 रन बटोरे. सिराज ने पांचवें ओवर में हालांकि उनकी आतिशी पारी को खत्म कर टीम को बड़ी सफलता दिलायी.

अगले ओवर में नारायण दयाल की गेंद को हवा में लहराकर विराट कोहली को कैच दे बैठे. वेंकटेश अय्यर ने क्रीज पर आते ही दो चौके जड़े लेकिन दयाल ने अंगकृष रघुवंशी को आउट कर ओवर में दूसरी सफलता दर्ज की. पावर प्ले के बाद केकेआर का स्कोर तीन विकेट पर 75 रन था. कप्तान अय्यर ने फग्र्यूसन और कर्ण शर्मा पर चौके के साथ हाथ खोला तो वहीं नौवें ओवर में गेंदबाजी के लिए आये ग्रीन की शॉट गेंद को वेंकटेश लांग लेग की दिशा में खड़े महिपाल लोमरोर के हाथों में खेल गये. इसी ओवर में रिंकू सिंह के चौके से केकेआर ने रनों का शतक पूरा किया.

श्रेयस के साथ कुछ ओवरों तक संभल कर बल्लेबाजी करने के बाद रिंकू ने कर्ण की गेंद को दर्शकों के पास भेजा लेकिन वह दयाल की धीमी गेंद से सामंजस्य नहीं बिठा सके और 16 गेंद में 24 रन बनाकर आउट हो गये. श्रेयस ने इसी बीच कर्ण के खिलाफ स्विच हिट पर शानदार चौका जड़ने के बाद 17वें ओवर में दयाल के खिलाफ छक्का और चौका लगाकर 35 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया.

वह एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में ग्रीन की गेंद पर डुप्लेसी को कैच थमा बैठे. रसेल (नाबाद 27) ने ओवर का समापन चौके से किया तो वहीं रमनदीप सिंह (नाबाद 24) ने 19वें ओवर में सिराज के खिलाफ लगातार दो छक्के और चौका लगाकर केकेआर के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu