महाराष्ट्र: धुले में ट्रक राजमार्ग किनारे बने होटल में घुसा; 10 लोगों की मौत, 26 अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jul 2023 10:13 PM
महाराष्ट्र: धुले में ट्रक राजमार्ग किनारे बने होटल में घुसा; 10 लोगों की मौत, 26 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र के धुले जिले में मंगलवार एक ट्रक ने चार वाहनों को टक्कर मारी और फिर राजमार्ग के किनारे बने एक होटल में जा घुसा जिससे 10 लोगों की मौत हो गयी और 26 अन्य घायल हो गए. यह जानकारी पुलिस ने दी. राज्य की राजधानी से करीब 300 किलोमीटर दूर मुंबई-आगरा राजमार्ग पर पलासनेर गांव के पास पूर्वाह्न करीब 10.45 बजे हुई इस दुर्घटना में ट्रक के चालक और उसके खलासी की भी मौत हो गई.

क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रक ने दुर्घटनास्थल से कुछ किलोमीटर पहले एक मोटरसाइकिल को टक्कर मारी थी और चालक जाहिर तौर पर घबराहट में वाहन तेज गति से चला रहा था. पुलिस ने पहले कहा था कि यह दुर्घटना ट्रक के ब्रेक फेल होने के कारण हुई.

पुलिस ने बताया कि मृतकों में होटल के पास बस का इंतजार कर रहे कुछ लोग शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और 17 वर्ष का एक किशोर भी शामिल है. चालक और खलासी राजस्थान के चित्तौड़गढ़ के रहने वाले थे. ट्रक इंदौर से धुले की ओर आ रहा था. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने घायलों को शिरपुर और धुले के अस्पतालों में भर्ती कराया. अधिकारियों ने बताया कि उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu