महाराष्ट्र : भांजी की शादी से खफा मामा ने मेहमानों के लिए बनाए गए खाने में जहर मिलाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Jan 2025 08:51 PM
महाराष्ट्र : भांजी की शादी से खफा मामा ने मेहमानों के लिए बनाए गए खाने में जहर मिलाया
ऑडियो सुनें

कोल्हापुर. महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में एक व्यक्ति ने अपनी भांजी की शादी के ‘रिसेप्शन’ में मेहमानों के लिए तैयार किए गए भोजन में कथित तौर पर जहर मिला दिया क्योंकि वह उसकी शादी के खिलाफ था. पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि हालांकि, किसी भी व्यक्ति ने उस भोजन को नहीं खाया और उसके नमूने परीक्षण के लिए भेजे गए हैं. पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार दोपहर पन्हाला तहसील के उतरे गांव में हुई. जहर मिलाते समय कुछ लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया, लेकिन वह भागने में सफल रहा.

पन्हाला थाने के उपनिरीक्षक महेश कोंडुभैरी ने बताया कि पन्हाला पुलिस ने उतरे गांव निवासी महेश पाटिल नामक व्यक्ति के  खिलाफ लोगों की जान को खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया है. आरोपी महिला का मामा है. पुलिस के अनुसार, लड़की मामा के घर में पली-बढ.ी थी. कोंडुभैरी ने बताया, ”लड़की हाल में गांव के एक युवक के साथ भाग गई थी और उससे शादी कर ली थी. चूंकि, यह पाटिल को स्वीकार्य नहीं था, इसलिए वह मंगलवार को एक विवाह हॉल में आयोजित शादी के रिसेप्शन समारोह में घुस गया और मेहमानों के लिए तैयार किए जा रहे खाने में जहरीला पदार्थ मिला दिया.” उपनिरीक्षक ने बताया कि जब पाटिल भोजन में जहरीला पदार्थ मिला रहा था, तो उसके आसपास मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की और उसे पकड़ लिया.

कोंडुभैरी ने बताया, ”इसके बाद वह मौके से भाग गया. हमने उसके खिलाफ धारा 286 (जहरीले पदार्थ के संबंध में लापरवाही), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है.” उन्होंने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं. पुलिस ने बताया कि जिस खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया गया था, उसे किसी ने नहीं खाया और उसके नमूने फोरेंसिक लैब में भेज दिए गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu