महाकुंभ में लगी भीषण आग पर काबू, कोई हताहत नहीं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 19 Jan 2025 10:39 PM
महाकुंभ में लगी भीषण आग पर काबू, कोई हताहत नहीं
ऑडियो सुनें

महाकुंभ नगर/नयी दिल्ली. महाकुंभ मेले के सेक्टर 19 में रविवार को एक शिविर में पुआल में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने की वजह से तेजी से फैल गई और आग की चपेट में आने से करीब 18 शिविर जल गए. हालांकि अग्मिशमन र्किमयों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (कुंभ) प्रमोद शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे सेक्टर 19 में आग लगने की सूचना मिली और तुरंत दमकल की गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं. उन्होंने बताया, ” करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया. आग बुझाने में करीब 15-16 गाड़ियां लगाई गई थीं. इस आग में 18 तंबू जलकर नष्ट हो गए. एलपीजी सिलेंडरों के फटने से आग तेजी से फैली थी.” शर्मा ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है.

घटनास्थल से धुंए का गुबार उठने से अखाड़ों के आसपास के क्षेत्रों में अफरा तफरी मच गई. हालांकि एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया. अधिकारियों ने कहा कि मौनी अमावस्या से पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने प्रयागराज में मौजूद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटना से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये.
इस बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री से फोन पर इस घटना की जानकारी ली.

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना की पूरी जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने उन्हें संपूर्ण तथ्यों से अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने बताया कि कुशल अग्निशमन और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया. इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.” प्रयागराज जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आग को बुझा लिया गया है और स्थिति नियंत्रण में है तथा लोगों को घटनास्थल से निकाल लिया गया है और इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.

प्रयागराज के जिलाधिकारी (डीएम) रवींद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि शाम करीब साढ़े चार बजे गीता प्रेस के शिविर में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. उन्होंने बताया कि गीता प्रेस से लगे प्रयागवाल के करीब 10 तंबू में भी आग फैलने की सूचना मिली थी तथा स्थिति सामान्य हो गई है और किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है.

सामंत भारती नाम के एक संत ने कहा, “मैं अखाड़े में था, तभी धमाके की आवाज सुनकर मैं बाहर आया और लोगों को भागते देखा. थोड़ी ही देर में और दो धमाके हुए. जल्दी ही हर कोई अपने शिविरों से बाहर आ गया.. मेरा दिल अब भी धड़क रहा है.” इससे पहले महाकुंभ नगर के अखाड़ा पुलिस थाना के प्रभारी भास्कर मिश्रा ने बताया था ”महाकुंभ मेले के सेक्टर 19 में दो एलपीजी सिलेंडर फट गए, जिससे शिविरों में भीषण आग लग गई.”

महाकुंभ 2025 के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से जारी पोस्ट में कहा गया, ”बहुत दुखद! महाकुंभ में आग की घटना ने सभी को झकझोर दिया है. प्रशासन तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित कर रहा है. हम सभी की सुरक्षा के लिए मां गंगा से प्रार्थना करते हैं.” सोशल मीडिया मंच से एक वीडियो क्लिप भी साझा किया गया है, जिसमें प्रभावित क्षेत्र से काले धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है.

महाकुंभ 2025 की शुरुआत 13 जनवरी को पौष पूर्णिमा से हुई और यह 26 फरवरी तक चलेगा. शनिवार तक उपलब्ध आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 7.72 करोड़ से अधिक लोगों ने अब तक संगम में पवित्र डुबकी लगाई है. अधिकारियों ने बताया कि अकेले रविवार (आज) को ही 46.95 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र संगम में डुबकी लगा चुके हैं.

कुंभ अग्निकांड: प्रधानमंत्री मोदी ने उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रयागराज में महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग लगने की घटना के बारे में जानकारी लेने के लिए रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की. अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने घटना के बाद फोन पर मुख्यमंत्री आदित्यनाथ से बात की. अधिकारियों ने बताया कि महाकुंभ मेले में घरेलू एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण सेक्टर 19 में 18 टेंट जलकर खाक हो गए. सरकार ने एक बयान में कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. कुंभ मेला के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रमोद शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को लगाया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu