भारत के साथ राजनयिक विवाद के बीच मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी मेयर पद का चुनाव हारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jan 2024 07:23 PM
भारत के साथ राजनयिक विवाद के बीच मालदीव के राष्ट्रपति मुइज्जू की पार्टी मेयर पद का चुनाव हारी
ऑडियो सुनें

माले. मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू को झटका देते हुए भारत-समर्थक विपक्षी दल ‘मालदीवियन डेमोक्रेटिक पार्टी’ (एमडीपी) ने राजधानी माले के मेयर चुनाव में प्रचंड जीत हासिल कर ली है. एमडीपी उम्मीदवार आदम अजीम को माले का नया मेयर चुना गया है. यह पद हाल तक मुइज्जू के पास था. मुइज्जू ने पिछले साल राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए पद से इस्तीफा दे दिया था.

मालदीव की मीडिया ने अजीम की विजय को ”प्रचंड” जीत और ”बड़े अंतर से हासिल की गई जीत” करार दिया. एमडीपी का नेतृत्व भारत समर्थक पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद सोलिह कर रहे हैं, जो राष्ट्रपति चुनाव में चीन समर्थक नेता मुइज्जू से हार गए थे. ‘पीएसएम न्यूज’ की खबर के अनुसार, अंतरिम नतीजों से पता चलता है कि अजीम ने 45 प्रतिशत मतों के साथ जीत हासिल की, जबकि मुइज्जू की पीपुल्स नेशनल कांग्रेस (पीएनसी) की अजिमा शकूर को 29 प्रतिशत मत मिले.

मेयर सीट के लिए चुनाव लड़ने वाले अन्य व्यक्तियों में ‘द डेमोक्रेट्स’ के उम्मीदवार सैफ फातिह और निर्दलीय उम्मीदवार हुसैन वहीद और अली शुएब शामिल थे. मीडिया की खबरों के मुताबिक, शनिवार को हुए मतदान में कम मतदान दर्ज किया गया. 54,680 पात्र मतदाताओं में से लगभग 30 प्रतिशत ने मतदान किया.

मेयर चुनाव की जीत से एमडीपी की राजनीतिक किस्मत पुनर्जीवित होने की उम्मीद है, जिसके पास अभी भी संसद में बहुमत है.
चीन की पांच दिवसीय राजकीय यात्रा के बाद शनिवार को माले लौटे मुइज्जू ने अजीम को बधाई दी और माले सिटी काउंसिल और मेयर के साथ सहयोग करने का वादा किया. अजीम ने कहा कि उनकी जीत माले के सभी निवासियों की जीत है.

‘मिहारू न्यूज’ से बात करते हुए, अजीम ने उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने उनका समर्थन किया और चुनाव में उन्हें वोट दिया. उन्होंने एमडीपी के नेतृत्व और प्रचार दलों को भी धन्यवाद दिया. मेयर पद के लिये चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ मुइज्जू सरकार के तीन उपमंत्रियों द्वारा पोस्ट की गई अपमानजनक टिप्पणी की पृष्ठभूमि में हुआ. प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ मालदीव के उप मंत्रियों की टिप्पणी के बाद भारत के साथ राजनयिक विवाद उत्पन्न हो गया था. मुइज्जू ने तीन मंत्रियों को उनके सोशल मीडिया पोस्ट के बाद निलंबित कर दिया था. चीन की अपनी हालिया यात्रा के दौरान, मुइज्जू ने मालदीव को बीजिंग के करीब लाने का प्रयास किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu