ममता ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर बलात्कार के दोषियों के लिए कठोर सजा की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 22 Aug 2024 07:41 PM
ममता ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर बलात्कार के दोषियों के लिए कठोर सजा की मांग की
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर बलात्कार के दोषियों के लिए कठोर सजा के साथ सख्त केंद्रीय कानून बनाने की मांग की. एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अलपन बंदोपाध्याय ने एक संवाददाता सम्मेलन में (मुख्यमंत्री का) यह पत्र पढ़ा.

तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख बनर्जी ने यह पत्र इस महीने की शुरुआत में कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक महिला चिकित्सक के साथ कथित बलात्कार और हत्या की घटना को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों की पृष्ठभूमि में लिखा है.
देशभर में नियमित रूप से सामने आ रही बलात्कार की घटनाओं के मद्देनजर बनर्जी ने कहा कि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रतिदिन लगभग 90 बलात्कार की घटनाएं होती हैं और कई मामलों में बलात्कार पीड़ितों की हत्या कर दी जाती है.

पत्र में कहा गया है, ”यह प्रवृत्ति देखकर डर लगता है. यह समाज और राष्ट्र के आत्मविश्वास और विवेक को झकझोर डालती है. इसे रोकना हमारा परम कर्तव्य है ताकि महिलाएं सुरक्षित महसूस कर सकें. ऐसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दे से कड़े केंद्रीय कानून के माध्यम से व्यापक रूप से निपटने की आवश्यकता है ताकि इन जघन्य अपराधों में शामिल लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिल सके.” बनर्जी ने इन मामलों में शीघ्र सुनवाई के लिए त्वरित विशेष अदालतों की स्थापना का भी प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा, ”त्वरित न्याय सुनिश्चित करने के लिए 15 दिन के भीतर मुकदमे की सुनवाई पूरी होनी चाहिए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu