चार वर्षीय बच्ची के यौन शोषण के दोषी को पांच वर्ष की कैद

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 16 Apr 2025 03:03 PM
चार वर्षीय बच्ची के यौन शोषण के दोषी को पांच वर्ष की कैद
ऑडियो सुनें

ग्रेटर नोएडा: जनपद गौतम बुद्ध नगर की अदालत ने चार साल की एक बच्ची के यौन शोषण के मामले में दोषी को पांच वर्ष के कारावास की सजा सुनाई और उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। विशेष लोक अभियोजक जय प्रकाश भाटी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नोएडा के सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में 26 अगस्त 2016 को घर से बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची को पश्चिम बंगाल निवासी अमिरुल जबरन छत पर ले गया।

उन्होंने बताया कि अमिरुल ने वहां पर बच्ची का यौन शोषण किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। रोते हुए घर पहुंची पीड़िता ने अपनी मां को आपबीती बताई। भाटी के अनुसार, पीड़िता की मां ने आरोपी के खिलाफ सेक्टर-20 कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया और पुलिस ने विवेचना पूरी कर अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

उन्होंने बताया कि अदालत ने मुकदमे की सुनवाई में अमिरुल को दोषी पाया। उन्होंने बताया कि विशेष न्यायाधीश पाक्सो अधिनियम (प्रथम) विकास नागर की अदालत ने मंगलवार को बच्ची के यौन शोषण मामले में दोषी को पांच साल के कारावास और 25 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है।

भाटी के अनुसार, जुर्माना की राशि नहीं जमा करने पर दोषी को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा और जुर्माने की 80 प्रतिशत राशि पीड़िता के पुनर्वास के लिए उसकी मां को दी जाएगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital