जालंधर में 70 फुट गहरे गड्ढे में फंसे व्यक्ति को 45 घंटे बाद बचाया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Aug 2023 10:23 PM
जालंधर में 70 फुट गहरे गड्ढे में फंसे व्यक्ति को 45 घंटे बाद बचाया गया
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब के जालंधर जिले में 70 फुट गहरी खाई में करीब 45 घंटे तक फंसे एक मजदूर को सोमवार को बाहर निकाल लिया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि बचाये गये व्यक्ति की पहचान सुरेश (55) के तौर पर की गयी है. उन्होंने बताया कि उसे अपराह्न करीब चार बजे बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिये जालंधर सदर अस्पताल ले जाया गया.

सुरेश की स्थिति के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक बयान तो नहीं आया है, लेकिन पीड़ित के सहकर्मी पवन ने कहा कि अब वह जीवित नहीं रहा. अधिकारियों ने बताया कि पवन के साथ सुरेश दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे निर्माण के तहत गड्ढे में फंसी बोरिंग मशीन के कुछ हिस्से को निकालने के लिए उसमें उतरा था.

अधिकारियों के अनुसार, जब पवन बाहर आया तो रेत गिरने के कारण सुरेश उसमें फंस गया. एक्सप्रेस-वे परियोजना के तहत एक स्तंभ खड़ा करने के लिए गड्ढा खोदा गया था. बचाव अभियान शनिवार शाम को शुरू हुआ और सोमवार अपराह्न तक जारी रहा. बचावर्किमयों को अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि जब वे सुरेश तक पहुंचने के लिए अधिक गहराई तक खुदाई कर रहे थे तो नरम मिट्टी धंस जा रही थी.

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की एक टीम ने बचाव अभियान चलाया. मिट्टी उत्खनन मशीनों को भी सेवा में लगाया गया था. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के एक अधिकारी ने रविवार को बताया था कि काम में अनुभव रखने वाले दोनों श्रमिकों को ऑक्सीजन सिलेंडर और सुरक्षात्मक उपायों के साथ गड्ढे में भेजा गया था. उन्होंने कहा था कि सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu