मणिपुर के मुख्यमंत्री ने शाह को राज्य के हालात के बारे में जानकारी दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 25 Jun 2023 06:57 PM
मणिपुर के मुख्यमंत्री ने शाह को राज्य के हालात के बारे में जानकारी दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने रविवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को राज्य में ”बदलती स्थिति” के बारे में जानकारी दी और कहा कि राज्य और केंद्र सरकारें हिंसा को ”काफी हद तक” नियंत्रित करने में कामयाब हुई हैं. इंफाल से रविवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे सिंह, शाह से मिलने उनके आवास पर गये. सिंह ने ट्वीट किया, ”आज नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की और मणिपुर में जमीनी स्तर पर बदलती स्थिति के बारे में जानकारी दी.

अमित शाह की करीबी निगरानी में, राज्य और केंद्र सरकार पिछले सप्ताह में काफी हद तक हिंसा को नियंत्रित करने में कामयाब हुई है.” सिंह ने कहा कि 13 जून के बाद से हिंसा के कारण किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार मणिपुर में सामान्य स्थिति वापस लाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी.

सिंह ने कहा कि शाह ने ”हमें स्थायी शांति प्राप्त करने की दिशा में अपने काम को पुख्ता करने की सलाह दी” और शांति सुनिश्चित करने के लिए मणिपुर में प्रत्येक हितधारक से सहयोग भी मांगा. शाह के साथ मुलाकात के समय सिंह के साथ भाजपा के कुछ नेता भी थे. एक दिन पहले, गृह मंत्री ने मणिपुर की स्थिति पर सर्वदलीय बैठक की अध्यक्षता की थी. तीन घंटे तक चली बैठक में 18 राजनीतिक दल, पूर्वोत्तर के चार सांसद और क्षेत्र के दो मुख्यमंत्री शामिल हुए थे.

गृह मंत्री ने सर्वदलीय बैठक में बताया था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पहले दिन से ही मणिपुर की स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और समस्या का समाधान निकालने के लिए ”पूरी संवेदनशीलता के साथ हमारा मार्गदर्शन” कर रहे हैं. शाह ने बैठक में कहा था कि मणिपुर में हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और 13 जून के बाद से राज्य में हिंसा में एक भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई है.

गृह मंत्री ने स्थिति को सामान्य करने और मणिपुर में विभिन्न समुदायों के बीच जल्द से जल्द शांति और विश्वास बहाल करने में मदद के लिए सभी राजनीतिक दलों से सहयोग का आग्रह किया था. शाह ने सर्वदलीय बैठक में कहा था कि मोदी नीत सरकार सभी को साथ लेकर मणिपुर समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu