मणिपुर पुलिस राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए सर्वेक्षण करेगी

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 29 Apr 2025 01:57 PM
मणिपुर पुलिस राज्य में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों का पता लगाने के लिए सर्वेक्षण करेगी
ऑडियो सुनें

इंफाल: पहलगाम आतंकवादी हमले के मद्देनजर मणिपुर पुलिस वैध दस्तावेज के बगैर रह रहे अवैध बांग्लादेशी एवं पाकिस्तानी नागरिकों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए समूचे राज्य में ‘‘सर्वेक्षण और सत्यापन’’ मुहिम शुरू करेगी। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि अभियान लिलोंग, मिनुथोंग, क्वाक्ता, मयांग इंफाल, सोरा, इंफाल घाटी के कैरांग और अन्य क्षेत्रों पर केंद्रित होगा, जहां ‘वैध वीजा या आईएलपी (इनर लाइन परमिट) के बिना अवैध बांग्लादेशी/पाकिस्तानी नागरिकों के रहने की खबरें हैं।’’

आईएलपी एक आधिकारिक यात्रा दस्तावेज है। यह राज्य सरकार द्वारा जारी किया जाता है और यह भारतीय नागरिकों को संरक्षित क्षेत्रों में यात्रा करने की अनुमति देता है। इन संरक्षित क्षेत्रों में अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम, नगालैंड और मणिपुर शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि स्थानीय थानों को शीर्ष पुलिस अधिकारियों द्वारा ‘‘अनधिकृत बांग्लादेशी/पाकिस्तानी नागरिकों’’ की उपस्थिति की पुष्टि करने और किसी भी अवैध अप्रवासी के पाए जाने पर उचित कानूनी कार्रवाई करने के लिए सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि थानों को सत्यापन को दर्शाने के लिए ‘‘समुचित रिकॉर्ड’’ बनाए रखने के लिए कहा गया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital